उदयपुर, 1 फरवरी : पुलिस मुख्यालय, राजस्थान के निर्देश पर 3 जनवरी से 31 जनवरी 2025 तक चलाए गए अभियान के दौरान उदयपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जिले में कुल 58 प्रकरण दर्ज कर 65 आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपए कीमत के अवैध मादक पदार्थों को भी जब्त किया गया, जिसमें 113 किलो गांजा, 303 ग्राम एमडीएमए, 1.27 किलो अफीम, 275 किलो डोडा चूरा, 31 ग्राम कोडिन, 1.207 किलो चरस और 42 ग्राम ब्राउन शूगर शामिल है।
इस अभियान में जिले के विभिन्न पुलिस अधिकारी और टीमों ने मिलकर प्रभावी कार्रवाई की। जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा, गोपाल स्वरूप मेवाडा और अंजना सुखवाल ने जिलेभर में इस अभियान की निगरानी की। इसके अतिरिक्त, अनुसंधानाधीन प्रकरणों में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए भी कदम उठाए गए। अभियुक्तों के खिलाफ तस्करी, शरण देने, वित्तीय सहायता देने और अन्य धाराओं में कार्रवाई की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी और इस अभियान में जिला स्पेशल टीम का अहम योगदान रहा है।
