खाम की मादड़ी (मेवाड़) में 51 फीट धर्म ध्वजा रोहण महोत्सव सम्पन्न

फतहनगर। घासा क्षेत्र के ग्राम खाम की मादड़ी (मेवाड़) में आयोजित 51 फीट धर्म ध्वजा रोहण महोत्सव गुरुवार को अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त किया।

यह भव्य आयोजन मठाधीश घासा, श्री श्री 1008 श्री खेमपुरी जी बावजी (राज राजेश्वरी मठाधीश, घासा) के पावन सानिध्य में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल संत श्री खेमपुरी जी महाराज द्वारा 51 धूणा तपस्या से हुआ, जिसमें विशेष धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न किए गए।

इसके पश्चात दोपहर 12:15 बजे 51 फीट ऊँची धर्म ध्वजा का विधिवत रोहण किया गया। ध्वजा के लहराते ही पूरा क्षेत्र “जय श्री राम” एवं “हर हर महादेव” के जयघोषों से गूंज उठा। कार्यक्रम में साधु-संतों का समागम रहा तथा युवाओं, मातृशक्ति एवं ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।

महोत्सव के तहत बुधवार को विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें संत श्री खेमपुरी जी बावजी ने भजनों की धुन पर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया। रात्रि में संतों के सानिध्य में भव्य सत्संग का आयोजन हुआ, जिसने धार्मिक वातावरण को और अधिक आध्यात्मिक बना दिया।

आयोजन की शोभा संत-महात्माओं की उपस्थिति से और बढ़ गई, जिनमें श्री गोपालपुरी जी छड़ीदार, श्री चेतनानन्द गिरी जी (आचार्य, मेवाड़ मंडल), महंत श्री शंकरपुरी जी (जुनावास मठ) एवं श्री प्रेमपुरी जी (बेरण अखाड़ा) शामिल रहे। श्रद्धालुओं ने संतों के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम के अंत में महाप्रसाद वितरण किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों ने समस्त ग्रामवासियों, सनातन धर्म प्रेमियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में धर्म, संस्कृति एवं हिन्दू एकता को सुदृढ़ करते हैं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!