डूंगरपुर में कार से बरामद 300 किलो चांदी और 24 लाख रुपए नकद

गुजरात बॉर्डर पर पुलिस की कार्रवाई
उदयपुर। डूंगरपुर जिला पुलिस ने गुजरात बार्डर पर एक लग्जरी कार से 300 किलोग्राम चांदी तथा 24 लाख रुपए नकद बरामद किए। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। चांदी कार में बनाए गए स्पेशल बॉक्स में छिपा रखी हुई थी।
डूंगरपुर पुलिस अधीक्षक कुंदन कवरिया ने बताया कि मामला बिछीवाड़ा थाना इलाके गुजरात बॉर्डर पर रतनपुर का है। पुलिस ने गुरुवार सुबह 11 बजे कार्रवाई को अंजाम दिया। तब बिछीवाड़ा थानाधिकारी मदनलाल के साथ पुलिस टीम रतनपुर बॉर्डर पर नाकाबंदी कर रहे थे। इसी दौरान गुजरात की ओर से जा रही कार को रूकवाया गया। जिसमें ड्राइवर समेत 2 लोग बैठे हुए थे। बताया कि वह आगरा से गुजरात के राजकोट जा रहे हैं लेकिन पुलिस की पूछताछ में वह घबरा गए। इससे पुलिस को शक हुआ और कार की तलाशी ली। पुलिस को एक बारगी कार से कुछ नहीं मिला लेकिन दोबारा की गई जांच में कार की सीट के नीचे बने गुप्त केबिन में कुछ पैकेट छिपे हुए मिले। इन पैकेट में भरे सामान के बारे में पड़ताल की तो उनमें 300 किलो चांदी बरामद हुई। इसी तरह दूसरी सीट के नीचे बने गुप्त केबिन से 24 लाख रुपए नकद बरामद हुए। बताया गया कि जब्त चांदी की कीमत ढाई करोड़ है।
कैश गिनने के लिए मंगानी पड़ी मशीन
पुलिस ने बताया कि कार में 500-500 रुपए की गडि्डयां मिलीं। कैश को गिनने के लिए मशीन मंगवाई गई। गिनने पर यह राशि 24 लाख 19 हजार 640 रुपए पाई गई। चांदी और कैश किसके लिए लेकर जा रहे थे, इसका पता किया जा रहा है। बताया गया कि मामले में कार में सवार जामनगर गुजरात निवासी अनिश पुत्र प्रभुदास साचौरा राजकोट निवासी रमेश भाई पुत्र देवराज को गिरफ्तार किया गया है। पकड़ी गई चांदी और कैश के बारे में जीएसटी और इनकम टैक्स विभाग को भी सूचना दी जा रही है।
शराब से भरी कार और एस्कॉर्ट कर रही बाइक पकड़ी:एक तस्कर गिरफ्तार
डूंगरपुर पुलिस की एक अन्य कार्रवाई में रतनपुर पुलिस चौकी ने शराब से भरी एक कार और एस्कॉर्ट कर रही एक बाइक जब्त की है। बिछीवाडा थानाधिकारी मदनलाल ने बताया कि रतनपुर पुलिस चौकी की ओर से बोर का पानी में नाकेबंदी की जा रही थी। इसी दौरान उदयपुर की ओर से आ रही एक कार को एस्कोर्ट कर रही बाइक चल रही थी। पुलिस ने बाइक को रूकवाया तो कार चालक नाकाबंदी तोड़कर भागा। पुलिस ने बाइक चालक को पकड़ लिया और कार का पीछा किया। कुछ किलोमीटर आगे कार रास्ते में खड़ी मिली लेकिन चालक फरार हो चुका था। कार की तलाशी में 30 कार्टन शराब बरामद हुई, जो राजस्थान निर्मित थी। जिस पर पुलिस ने कार जब्त कर ली। उसे एस्कॉर्ट कर रहे उदयपुर निवासी बाइक सवार मनोज पुत्र रमनलाल भगोरा को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज किया है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!