मुख्य महोत्सव 16 अगस्त, भक्तों को मिलेगा फलाहारी प्रसाद
उदयपुर, 13 अगस्त : शहर के गंगूकुंड स्थित इस्कॉन जगन्नाथ मंदिर में तीन दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव 15 अगस्त से भव्य रूप से शुरू होगा। मुख्य आयोजन 16 अगस्त को प्रातः मंगला आरती से शुरू होकर रात 12:15 बजे महाआरती तक चलेगा। इस दिन भक्तों को फलाहारी प्रसाद वितरित किया जाएगा।
मंदिर अध्यक्ष मायापुर वासी प्रभु ने बताया कि 16 अगस्त को शाम 6 बजे से हरिनाम संकीर्तन, भजन और कथा के बाद इस्कॉन के बच्चों द्वारा कृष्ण लीलाओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। राधा-कृष्ण की शोभायात्रा, गंगाजल-पंचामृत-अभिषेक और पुष्पाभिषेक का आयोजन होगा। देशभर से आए प्रमुख वैष्णव कथा वाचन करेंगे और छप्पन भोग अर्पित होगा।
15 अगस्त को शाम 4 से 8 बजे तक स्वतंत्रता दिवस थीम पर नृत्य-नाटिका, जादू शो और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता होगी। प्रमुख आकर्षण बच्चों का मटकी फोड़ कार्यक्रम रहेगा।
17 अगस्त को सुबह 9 बजे नंदोत्सव एवं इस्कॉन संस्थापक आचार्य श्रील प्रभुपाद की व्यास पूजा, कथा और अभिषेक आरती होगी। मीडिया प्रभारी डॉ. बालकृष्ण शर्मा ने बताया कि मंदिर को फूल-मालाओं और लाइटों से सजाया जा रहा है। भक्तों का पारंपरिक तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा और श्रृंगारित लड्डू गोपाल के झूले को हिण्डोला देने का अवसर मिलेगा। पार्किंग व्यवस्था महासतिया स्थित सत्यम गार्डन व विवि मार्ग पर सांवरिया गार्डन में रहेगी।
इस्कॉन मंदिर में 3 दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव कल से
