डेढ़ करोड़ की अफीम डोडा चूरा के साथ 3 गिरफ्तार

उदयपुर, 16 नवंबर : शहर की प्रतापनगर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदा​र्थों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए डेढ़ करोड़ रुपए की अफीम डोडा चूरा जब्त की है। जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशानुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रतापनगर थाना पुलिस ने डेढ़ करोड़ की अफीम डोडा चूरा के साथ 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्रतापनगर थानाधिकारी भरत योगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 16 क्विंटल 42 किलो अवैध अफीम डोडा चूरा के जब्त​ कर ली। जिसकी मार्केट वैल्यू डेढ करोड़ से ज्यादा बताई जा रही है। आरोपियों की पहचान विनोद पुत्र सुरेश धाकड निवासी लक्ष्मीपुरा थाना बडी सादडी चितौड़गढ, उदयनाथ पुत्र नाथु नाथ निवासी साटोला थाना जलोदा प्रतापगढ और पप्पु सिंह पुत्र बाघ सिंह निवासी नाहर सिंह का खेड़ा थाना बड़ीसादडी चितौडगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी विनोद धाकड़ व उदयनाथ के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस व आर्म्स एक्ट के तहत विभिन्न थानों प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी विनोद धाकड़ थाना बडी सादडी में वांटेड चल रहा है।

पुलिस द्वारा किए गए इस अंतर्राज्यीय गिरोह के भंडफोड़ के बाद पता चला कि आरोपी राजस्थान व एमपी के आस पास के क्षेत्रों से पंजाब, हरियाणा व दिल्ली सहित अन्य राज्यों में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी करते हैं। शनिवार को पुलिस ने जब आरोपियों पर छापा मारा उस समय वे अलख नयन हॉस्पिटल के सामने एक दुकान में अवैध अफीम डोडा चूरा रख कर उसको पार्सल के रूप में पैक कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी भारी मात्रा में अवैध अफीम डोडा चूरा अपने उदयपुर स्थित गोदाम पर लाकर उसे कार्टन में पैक कर आसपास के राज्यों में सप्लाई करते थे। सप्लाई वाले पार्सल में मुर्गीदाना बता कर वे पुलिस को भी चकमा देते थे। पिछले दो साल से चल रहे इस गोरखधंधे का पुलिस ने शनिवार को भांडा फोड़ दिया। मामले में अनुसंधान जारी है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!