जिला कलेक्टर ने तैयारियां करने के दिए निर्देश
उदयपुर 9 सितंबर। जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा ने नवाचार करते हुए आगामी 27 सितंबर को कोटड़ा महोत्सव 2022 मनाने की घोषणा की है। जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा ने शुक्रवार को इस महोत्सव की आवश्यक तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली एवं समय पर तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा ने कहा कि उनका मकसद है उदयपुर आने वाले पर्यटक ग्रामीण क्षेत्रों में भी जाएं एवं यहां की संस्कृति के दर्शन कर सकें।
ग्राम्य वैशिष्ट्य का हो प्रचार-प्रसार
जिला कलेक्टर ने महोत्सव के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र की लोक संस्कृति, लोक कला, लोक उत्पाद, वाद्य यंत्र, आभूषण आदि के वैशिष्ट्य का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
खेल स्पर्धाओं के आयोजन के निर्देश
कलक्टर ने महोत्सव के दौरान आकर्षक परंपरागत खेल गतिविधियां जैसे रस्साकशी, साफा या पगड़ी बांधो प्रतियोगिता, तीरंदाजी, सतोलिया, गुल्ली डंडा जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक में होटल एसोसिएशन के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे जिनसे जिला कलेक्टर ने महोत्सव को स्पॉन्सर करने की अपील की। बैठक जिला कलेक्टर ने सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु फोल्डर्स को महोत्सव में रखने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर कोटड़ा महोत्सव की व्यापक तैयारी की समीक्षा के लिए पुनः एक बैठक रविवार को 12.30 बजे कोटड़ा में लेंगे।
27 सितंबर को मनाया जाएगा भव्य कोटड़ा महोत्सव
