उदयपुर, 16 जून। लेक्रोज एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में गलगोटिअस यूनिवर्सिटी, ग्रेटर नोएडा में 17 जून से 1 जुलाई तक आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं हेतु आयोजित होने वाले प्रशिक्षण शिविर एवं चयन स्पर्धा में उदयपुर जनजातीय क्षेत्र के 10 महिला को 6 पुरुषों सहित कुल 16 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। खिलाडियों को उदयपुर संभाग की आयुक्त एवं लेक्रोज प्रवर्तक प्रज्ञा केवलरमानी, वित्त पोषक राजस्थान माइन्स एंड मिनिरल्स लिमिटेड के अध्यक्ष डॉक्टर पी रमेश, अतिरिक्त आयुक्त कीर्ति राठौड़, वित्त निदेशक भारती राज, बी एस पत्रावत सहित अधिकारी गण तथा जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग अतिरिक्त आयोग आयुक्त अनिल शर्मा केपी सिंह निरमा बिश्नोई व अधिकारीगण आदि ने शुभकामनाएं देकर रवाना किया ।
प्रशिक्षण शिविर में भारत भर के चयनित श्रेष्ठ 25 महिला और 25 पुरुष खिलाड़ी भाग लेंगे जिनका चयन राष्ट्रीय एवं फेडरेशन कप एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। इनमें प्रशिक्षक नीरज बत्रा द्वारा प्रशिक्षित खिलाड़ियों भारतीय महिला टीम की कप्तान सुनीता मीणा, डाली गमेती, मीरा कुमारी दौजा, जुला कुमारी गुर्जर, यशिष्ठा बत्रा, विशाखा मेघवाल, यशोदा गमेती, रोशनी बोस व जानवी राठौड़ महिला वर्ग तथा मोहनलाल खुमाराम गमेती, दयाशंकर गमेती, नारायण लाल गमेती, निशांत नागदा व राजेश गमेती का पुरुष वर्ग में राजस्थान से चयन हुआ है जो कि सभी उदयपुर जनजाति क्षेत्र के हैं । प्रशिक्षण शिविर एवं चयन स्पर्धा में प्रदर्शन के आधार पर मलेशिया में आयोजित होने वाली साउथ ईस्टर्न एशियाई चैंपियनशिप तथा ऑस्ट्रेलिया में आयोजित होने वाली ओलंपिक क्वालीफायर एशिया पेसिफिक लेक्रोज प्रतियोगिता हेतु सर्वश्रेष्ठ 12-12 महिला व पुरुष खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा जो कि भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। राजस्थान जनजाति क्षेत्र के खिलाड़ियों की उपलब्धि पर उदयपुर लोकसभा सांसद डॉ मन्ना लाल रावत, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, गोगुंदा विधायक प्रताप लाल भील, उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी, उदयपुर कलेक्टर गौरव अग्रवाल, राजस्थान लेक्रोज संघ के अध्यक्ष अशोक परनामी, सीईओ सज्जाद खान सहसचिव महेंद्र सिंह सहित पदाधिकारियों, जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ के कर्नल प्रोफेसर शिव सिंह सारंगदेवोत, भवानी पाल सिंह राठौड़, उदयपुर जिला खेल अधिकारी डॉक्टर महेश पालीवाल, समाजसेवी मनोज जोशी भोपाल सिंह राणा, खेल प्रेमियों आदि ने प्रसन्नता जाहिर कर शुभकामनाएं दी हैं ।
अंतर्राष्ट्रीय लैक्रोज प्रशिक्षण शिविर में राजस्थान जनजाति क्षेत्र के 16 खिलाड़ी चयनित
