मां के बगल में सो रही थी, बच्ची चोर महिला सीसीटीवी में हुई कैद
संवाद सूत्र, उदयपुर : शहर में संभाग के सबसे बड़े महाराणा भूपाल हॉस्पिटल से एक महिला 13 महीने की बालिका को चुरा ले गई। घटना को लेकर हाथीपोल थाने में मामला दर्ज कराया है। हॉस्पिटल के सीसीटीवी फुटेज में बच्चा चुराने वाली महिला कैद हुई है लेकिन उसने चेहरा ढका हुआ है, जिसके चलते अभी तक उसका पता नहीं चल पाया। हालांकि पुलिस बच्ची की तलाश में जुटी हुई है।

बताया गया कि बच्ची की मां मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से यहां आई थी। उसके भाई का यहां एमबी अस्पताल में आपरेशन हुआ था और वह उसकी देखभाल के लिए आई थी। बच्ची की मां हीना परिहार ने बताया वह अपनी छोटी बहन और पति देवेन्द्र कुमार के साथ दस दिन पहले ही उदयपुर आई थी। राजसमंद निवासी उसका भाई दीपक के पेट का ऑपरेशन हुआ था। आईसीयू में भर्ती भाई को दस दिन पहले सर्जिकल वार्ड में शिफ्ट किया गया था। शुक्रवार को वह अस्पताल की लॉबी में अपनी 13 महीने की बेटी अभियंशी केा लेकर सोई थी। बताया गया कि था कि हीना के पति देवेन्द्र भी उदयपुर में थे और अपनी बड़ी बेटी को भोपाल छोड़कर आए थे। उसकी भोपाल में सैलून की दुकान है।

रात साढ़े तीन बजे बाद की वारदात
बच्ची की मां हीना परिहार ने बताया कि रात तीन बजे वह उठी थी। तब उसकी बेटी उसके पास थी। सुबह पांच बजे जब उसकी आंख फिर खुली तब उसकी बच्ची गायब थी। इसी बीच अज्ञात महिला उसकी बेटी को लेकर चली गई। इधर, एक अन्य मरीज के बुजुर्ग परिजन ने बताया कि रात दो बजे उन्होंने एक महिला को आते देखा था। वह बच्ची की महिला के पास ही लेट गई थी। उन्होंने उसे जाते देखा था लेकिन यह पता नहीं कि वह बच्ची लेकर जा रही है। उन्होंने बताया कि उस महिला से उनकी बात भी हुई थी। उसने बताया था कि उसकी तबीयत खराब है। पुलिस बुजुर्ग के जरिए बच्चा चुराने वाली महिला के चेहरे तथा हुलिए को लेकर स्केच बनाने में जुटी है।
फोटो कैप्शन यूडीआर01 ..बच्ची चुराने वाली महिला सीसीटीवी कैमरे में कैद।
