उदयपुर। जिला पुलिस ने तीन जिलों में चोरी की 11 वारदातों को अंजाम देने वाली इंटर डिस्ट्रिक्ट गैंग का गुरुवार को खुलासा किया। इस गैंग के 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 13 लाख 47 हजार रुपए नकद, 23 तोला सोना और 1 किलो 100 ग्राम चांदी बरामद की है। तीनों आरोपियों ने 11 चोरी की वारदातें उदयपुर सहित चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा जिले में की थीं।
एसपी भुवन भूषण यादव ने बताया कि आरोपी रेलमगरा निवासी हीरालाल पिता भगवान अहीर, सुरेश पिता किशन सालवी और मुकेश पिता शिवलाल सोनी को गिरफ्तार किया गया है। इनमें आरोपी हीरालाल अहीर हिस्ट्रीशीटर है जिसके खिलाफ चोरी और मारपीट जैसे करीब 12 मामले दर्ज हैं और एक मामले में सजा हो चुकी है।
चोरी की लगातार शिकायतों के बाद एएसपी डॉ प्रियंका, प्रशिक्षु आईपीएस प्रशांत किरन और डिप्ट्री कैलाश कुंवर के सुपरविजन में अलग-अलग टीम गठित की गई थीं। पहले हीरालाल और सुरेश को डिटेन करते हुए सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने करीब 11 चोरी की वारदातों को करना कबूल किया।
चोरी की घटना को दिन में ही देते थे अंजाम
एसपी यादव ने बताया कि शातिर चोर चोरी की ज्यादातर घटना को दिन में ही अंजाम देते थे। ये बदमाश कई बार एक दिन में दो से तीन बार चोरी करने की घटना कर चुके हैं। पहले ये लोग रैकी करके पूरी जानकारी लेते थे, फिर एक व्यक्ति सूना मकान देखकर चोरी के लिए घुसता था और दूसरा बाहर पहरा देता है।
अभी इन आरोपियों से दो से तीन किलो चांदी और अन्य कीमती सामान रिकवर किए जाना बाकी है। साथ ही आरोपियों से पूछताछ में इस गिरोह से जुड़े अन्य नाम भी सामने आ सकते हैं। जिन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
3 जिलों में चोरी की 11 वारदातें, 3 आरोपी गिरफ्तार:इंटर डिस्ट्रिक्ट गैंग का खुलासा, 13 लाख रुपए नकद, 23 तोला सोना और 1 किलो चांदी बरामद
