11 राज्यों को मिलेगी वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात

उदयपुर-जयपुर सहित 9 ट्रेनों का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी
सुभाष शर्मा
उदयपुर, 23 सितंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 सितंबर, रविवार को देश के 11 राज्यों को वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात देंगे। पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देशभर में 9 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का उद्घाटन करेंगे, जिनमें से एक ट्रेन राजस्थान के लिए होगी, जो उदयपुर से जयपुर के बीच चलेगी। इस कार्यक्रम का आयोजन चित्तौड़गढ़ रेलवे जंक्शन पर होगा, जहां चित्तौड़गढ़ के सांसद और राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी सहित रेलवे अधिकारी मौजूद रहेंगे।
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी दोपहर 1 बजे चित्तौड़गढ़ रेलवे जंक्शन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उदयपुर-जयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा, पीएम मोदी अन्य 8 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे, जिनमें तिरुनेलवेली-चेन्नई, हैदराबाद-बैंगलुरु, विजयवाड़ा-चेन्नई, पटना-हावड़ा, कासरगोड़-तिरुवनंतपुरम, राउरकेला-पुरी, रांची-हावड़ा और जामनगर-अहमदाबाद के मार्ग शामिल हैं। ये 9 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन देश के 11 राज्यों से होकर गुजरेंगी।
कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे।
वंदे भारत ट्रेन का संचालन
वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन हफ्ते में 6 दिन चलेगी, केवल मंगलवार को यह बंद रहेगी। ट्रेन के स्टॉपेज उदयपुर सिटी, राणा प्रतापनगर उदयपुर, मावली, चंदेरिया, भीलवाड़ा, अजमेर, किशनगढ़ और जयपुर होंगे। प्रत्येक स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव लगभग 2 से 3 मिनट का रहेगा। वंदे भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन राजस्थान के लिए एक ऐतिहासिक कदम होगा, जिससे प्रदेशवासियों को उच्च गुणवत्ता वाली रेल सेवा का लाभ मिलेगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!