निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न करवाना पहली प्राथमिकता- संभागीय आयुक्त खजान सिंह

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 24 अगस्त। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्री खजान सिंह ने सोमवार को उदयपुर संभागीय आयुक्त का पदभार ग्रहण किया। वर्ष 2013 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्री सिंह ने सोमवार दोपहर पूर्व कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगरीय निकाय चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न करवाना पहली प्राथमिकता है। वहीं, संभाग के सभी जिलों में त्रिस्तरीय जनसुनवाई को और प्रभावी बनाया जाएगा। उदयपुर जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त सी.आर.देवासी सहित अन्य अधिकारियों ने संभागीय आयुक्त से शिष्टाचार भेंट की।

प्रत्याशियों के व्यय की दरों के निर्धारण के लिए बैठक मंगलवार को
– नगरीय निकाय आम चुनाव 2026
उदयपुर, 24 अगस्त। नगरीय निकाय आम चुनाव के दौरान प्रत्याशियों के विभिन्न चुनावी व्यय में एकरूपता व पारदर्शिता सुनिश्चित करने और बाजार दरों के अनुरूप व्यय की दरें निर्धारित करने के लिए 25 अगस्त, मंगलवार सुबह 11 बजे बैठक आयोजित की जाएगी।
निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी के अनुसार माणिक्य लाल वर्मा, आदिम जाति प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान (टीआरआई), उदयपुर के सभागार में नगर निगम उदयपुर सहित नगर पालिका कानोड़, भीण्डर, वल्लभनगर, मावली और फतहनगर-सनवाड़ के प्रत्याशियों द्वारा किए जाने वाले विभिन्न व्यय की दरों के संबंध में चर्चा की जाएगी।
इस संबंध में सभी राजनीतिक दलों से अपने अधिकृत प्रतिनिधि को भेजने के लिए कहा गया है।

 त्रि-स्तरीय जनसुनवाई स्थगित
उदयपुर, 24 अगस्त। स्थानीय निकायों के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद वर्तमान में प्रभावी आदर्श आचरण संहिता के मद्देनजर सितम्बर 2026 में आयोजित होने वाली त्रि-स्तरीय जनसुनवाई स्थगित कर दी गई है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) दीपेंद्र सिंह राठौर ने जिले में सितम्बर माह में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय, ग्राम पंचायत स्तरीय तथा ब्लॉक स्तरीय अटल जन सेवा शिविर की जनसुनवाई स्थगित करने के आदेश जारी किए हैं।
—00—

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!