उदयपुर: एचडीएफसी बैंक ने दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। बैंक का मुनाफा सालाना आधार पर बढ़कर 19,510 करोड़ रुपये हो गया है। ग्रॉस एनपीए और नेट एनपीए के आंकड़ों में पिछली तिमाही के मुकाबले गिरावट आई है।एचडीएफसी बैंक के निदेशक मंडल की मुंबई में आयोजित बैठक में 30 सितम्बर 2026 को समाप्त तिमाही के परिणामो की मंजूरी प्रदान की गई। एचडीएफसी बैंक का मुनाफा पिछले साल की इसी तिमाही के 18,641 करोड़ रुपये से बढ़कर इस बार 19,510 करोड़ रुपये हो गया है। बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम (एनआईआई) में भी सालाना आधार पर बढ़ोतरी हुई है। एनआईआई का मतलब बैंक को कर्ज पर मिलने वाले ब्याज और जमा पर दिए जाने वाले ब्याज के बीच का अंतर है।पिछले साल की इसी तिमाही में एचडीएफसी बैंक की एनआईआई 31,552 करोड़ रुपये थी, जो इस बार बढ़कर 34,620 करोड़ रुपये हो गई। एचडीएफसी बैंक के कर्ज से जुड़े दोनों अहम आंकड़ों में पिछली तिमाही के मुकाबले सुधार देखने को मिला है। बैंक का ग्रॉस एनपीए पिछली तिमाही के 1.17 फीसदी से घटकर 1.11 फीसदी हो गया। वहीं, नेट एनपीए 0.41 फीसदी से घटकर 0.37 फीसदी पर आ गया। एचडीएफसी बैंक ने दूसरी तिमाही में 3,573 करोड़ रुपये की प्रोविजनिंग की है। पिछली तिमाही में यह रकम 3,060 करोड़ रुपये थी। बैंक के औसत एडवांस अंडर मैनेजमेंट में भी बढ़ोतरी हुई। कुछ वित्तीय मदों का असर हटाने के बाद यह आंकड़ा सालाना आधार पर 14 प्रतिशत बढ़कर 31.87 लाख करोड़ रुपये रहा। वहीं, सितंबर के अंत में यह 33.07 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। यह पिछले साल के मुकाबले 15.3 प्रतिशत ज्यादा है। सितंबर के अंत तक एचडीएफसी बैंक के पास कुल 33.27 लाख करोड़ रुपये का डिपॉजिट था। यह पिछले साल के मुकाबले 18.8 प्रतिशत ज्यादा है। हालांकि, जून तिमाही के मुकाबले इसमें 4.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। इसी दौरान बैंक के लोन 5.2 प्रतिशत बढ़े। यानी इस तिमाही में लोन की ग्रोथ डिपॉजिट से थोड़ी तेज रही। बैंक के करंट अकाउंट और सेविंग अकाउंट यानी सीएएसए (CASA) डिपॉजिट में सालाना आधार पर 10.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। यह बढ़कर 10.52 लाख करोड़ रुपये हो गया। जून तिमाही के मुकाबले इसमें 2.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं,टर्म डिपॉजिट सालाना आधार पर 22.8 प्रतिशत बढ़कर 22.75 लाख करोड़ रुपये हो गया। तिमाही आधार पर इसमें 6.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। 30 सितंबर, 2026 तक, बैंक का डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क 4,177 शहरों/कस्बों में 9,706 ब्रांच और 20,881 एटीएम था, जबकि 30 सितंबर, 2025 तक 4,156 शहरों/कस्बों में 9,545 ब्रांच और 21,417 एटीएम थे। 50 प्रतिशत ब्रांच सेमी-अर्बन और रूरल एरिया में हैं। इसके अलावा, बैंक के पास 14,365 बिज़नेस कॉरेस्पोंडेंट हैं, जिन्हें मुख्य रूप से कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) चलाते हैं। 30 सितंबर, 2026 तक कर्मचारियों की संख्या 2,10,109 थी (30 सितंबर, 2025 तक 2,20,339 के मुकाबले)।
एचडीएफसी बैंक को 19,510 करोड़ रुपये का लाभ
