उदयपुर। शहर के घंटाघर थाना क्षेत्र में पिछोला झील किनारे लालघाट पर एक आॅटोचालक युवक की हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में लिया है। फिलहाल यही बताया जा रहा है कि आपसी रंजिश को लेकर आॅटोचालक की युवकों से कहासुनी हुई और उन्होंने तलवार तथा लोहे के पाइप आदि से उस पर हमला कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार घटना बीती रात 12 बजे बाद की है। मल्लातलाई मूल का फिलहाल महावतवाड़ी में रहने वाले 27 वर्षीय युवक इदरिस उर्फ सद्दाम शनिवार रात लालघाट पर बैठा हुआ था। उसी दौरान वहां पांच—छह युवक तलवार तथा लोहे के पाइप आदि लेकर पहुंचे। जहां किसी बात पर उनके बीच कहासुनी हुई। झगड़ा होने पर युवकों ने सद्दाम पर हमला कर दिया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावर उसे मरा समझकर वहां से भाग निकले। चीख—पुकार सुनकर आसपास होटलों में काम करने वाले लोग वहां पहुंचे तो उन्होंने लहूलुहान सद्दाम को अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे अहमदाबाद के लिए रेफर कर दिया गया था। एम्बुलेंस के जरिए उसे अहमदाबाद ले जाया जा रहा था कि उसकी मौत हो गई।
पर कुछ लोगों ने धारदार हथियारों और लोहे के पाइप से हमला कर दिया जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया और ज्यादा खून बह जाने से उसकी मृत्यु हो गई। सूचना पर घंटाघर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। एफएसएल टीम मौके पर बुलाई गई, जिसने साक्ष्य एकत्रित किए।
पुलिस अधीक्षक विकाश शर्मा ने बताया कि सद्दाम की हत्या के पीछे आपसी रंजिश सामने आ रही है। आॅटो चालक होने से सद्दाम लालघाट के आसपास की होटलों के पर्यटकों को घुमाने का काम करता था। उसके लालघाट पर अकसर बैठने की जानकारी हमलावरों को थी। वह योजना बनाकर वहां पहुंचे तथा कहासुनी होने पर उस पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। घटना के सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं। जिनसे पता चलता है कि हमलावर पांच से अधिक है। उनकी पहचान की जा चुकी है। कुछ को पुलिस ने हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। हिरासत में लिए गए युवकों में रामपाल उर्फ शंकर सुहालका, तनवीर उर्फ माया, के डी उर्फ कुलदीप वर्मा आदि शामिल हैं।
उदयपुर में युवक की हत्या, आपसी रंजिश को लेकर किया हमला
