मलेशिया रवाना होने से पहले क्षेत्र में उत्साह का माहौल
उदयपुर, 24 अगस्त। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली साउथ ईस्टर्न एशियन लेक्रोज गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए राजस्थान के 15 खिलाड़ियों का चयन भारतीय महिला एवं पुरुष लेक्रोज टीम में हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 28 से 30 अगस्त 2026 तक कुआलालंपुर, मलेशिया में आयोजित होगी। भारतीय टीम इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में अपनी मजबूत दावेदारी पेश करेगी।
भारतीय महिला टीम में राजस्थान के उदयपुर जनजातीय क्षेत्र से सुनीता मीणा, डाली गमेती, यशिष्ठा बत्रा, यशोदा गमेती, जुला कुमारी गुर्जर, मीरा दौजा, विशाखा मेघवाल, रोशनी बोस एवं जानवी राठौड़ का चयन हुआ है। वहीं पुरुष वर्ग में मोहनलाल गमेती, खुमाराम गमेती, दयाशंकर गमेती, नारायण लाल गमेती एवं निशांत नागदा तथा नागौर के शाहिद खान भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
राजस्थान के इन खिलाड़ियों ने सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं खेल के प्रति समर्पण के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है तथा अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है, जिससे पूरे उदयपुर संभाग एवं जनजातीय क्षेत्र में गौरव और उत्साह का माहौल है।
सभी चयनित खिलाड़ी प्रशिक्षक नीरज बत्रा के मार्गदर्शन में पहले कोलकाता के लिए रवाना हुए, जहां से वे हवाई मार्ग द्वारा कुआलालंपुर, मलेशिया पहुंचेंगे। खिलाड़ियों के मलेशिया रवाना होने से पहले क्षेत्र के खेल प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों एवं खेल जगत से जुड़े लोगों ने उनका उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और देश के लिए शानदार प्रदर्शन करने की कामना की।
राजस्थान के खिलाड़ियों की उत्तरोत्तर उपलब्धियों में जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, वित्त पोषक राजस्थान माइन्स एंड मिनरल्स लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ. पी. रमेश, कीर्ति राठौड़, बी. एस. पत्राबत, भावना शर्मा एवं विभागीय अधिकारियों एवं क्षेत्रीय जनजाति विकास विभाग के निरंतर प्रोत्साहन एवं सकारात्मक सहयोग का महत्वपूर्ण योगदान रहा है जिन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए पुर्ण विश्वास जताया कि ये अपने जज्बे, खेल कौशल व उच्च स्तरीय प्रदर्शन से देश व प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
राजस्थान लेक्रोज संघ के अध्यक्ष अशोक परनामी एवं सीईओ शहजाद खान सहित संघ के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों ने भी भारतीय टीम में चयनित सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अंतरराष्ट्रीय लेक्रोज प्रतियोगिता में राजस्थान के 15 खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चयन
