एक छत तले 7 से 70 साल के व्यक्ति को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच व परामर्श

-रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर मीरा का सुकून हेल्थ मेला 5 से फील्ड क्लब में
उदयपुर। रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर मीरा की ओर से आगामी 5, 6 व 7 जुलाई को तीन दिवसीय सुकून हेल्थ मेला का आयोजन फील्ड क्लब, उदयपुर में सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होने जा रहा है। जिसमें एक ही छत के नीचे एलोपैथी, आयुर्वेद, नेचुरोपैथी और होम्योपैथी विशेषज्ञों द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच व परामर्श दिया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि  राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी, संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी होगी।

रोटरी क्लब उदयपुर मीरा की अध्यक्षा डॉ. रेखा सोनी ने बताया कि रोटरी मीरा एक ऐसी समग्र स्वास्थ्यपरक परियोजना लेकर आया है, जो शून्य से लेकर सत्तर वर्ष की आयु तक के प्रत्येक व्यक्ति के लिए एकीकृत चिकित्सा, मानसिक परामर्श तथा जीवनशैली उपचार की सम्पूर्ण सुविधा प्रदान करता है। परियोजना सुकून के अंतर्गत यह प्रथम प्रयास है, जिससे गर्भधारण से लेकर वृद्धावस्था तक, जीवन के प्रत्येक चरण के लिए आवश्यक विशेषज्ञों को एक ही मंच पर एकत्रित किया गया है। वह भी संपूर्णता की सोच के साथ। इस आयोजन में अलग-अलग चिकित्सा पद्धति के करीब 50 से अधिक डॉक्टर्स की टीम मौजूद रहेगी जो इस तीन दिवसीय सुकून हेल्थ मेले में आने वाले लाभार्थियों को परामर्श देंगे।

 गर्भधारण से पूर्व की संपूर्ण तैयारी : वे सभी दंपत्ति जो संतान प्राप्ति में कठिनाई अनुभव कर रहे हैं, उनके लिए इस पहल में प्रजनन परामर्श, मानसिक सहयोग, गर्भ संस्कार प्रशिक्षण तथा समग्र चिकित्सा पद्धतियाँ उपलब्ध कराई जाएँगी। जिसमें प्रसूति एवं स्त्रीरोग विशेषज्ञ, प्रजनन परामर्शदाता,  गर्भ संस्कार प्रशिक्षक,  नैदानिक मनोवैज्ञानिक विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे।

 शिशु एवं युवावस्था 0-21 वर्ष के लिए चरणबद्ध देखभाल : सचिव कविता बल्दवा ने बताया कि हर आयु-वर्ग एवं मानसिक स्थिति के अनुरूप विशेष परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण एवं कार्यशालाएँ आयोजित की जाएँगी। जिमसें बाल रोग विशेषज्ञ, बाल मनोवैज्ञानिक, विद्यालय परामर्शदाता, डिजिटल व्यसन मुक्ति एवं भावनात्मक जागरूकता कार्यशाला, किशोर रोग चिकित्सा, यौन शिक्षा, करियर मार्गदर्शन आदि के विशेषज्ञों द्वारा परामर्श दिया जाएगा। कार्यक्रम के आयु-चरण में अंकुरण 0-7 वर्ष, नवोदय 7-14 वर्ष, लाल चुप्पी तोड़ 14-21 वर्ष, उड़ान 21-28 वर्ष तक है।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए “सांझी छांव” सेवा : साठ वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के लिए “सांझी छांव” सेवा में दवा-रहित उपचार प्रणाली के माध्यम से आराम एवं आत्मिक संतुलन प्राप्त करने की विशेष व्यवस्था की गई है, जैसे प्राकृतिक चिकित्सा, एक्यूप्रेशर, एक्यूपंक्चर, वृद्धजन परामर्श, दीर्घकालिक पीड़ा प्रबंधन चिकित्सा आदि है।

जहाँ दवा आवश्यक हो वहाँ चिकित्सा, अन्यथा ‘सुकून’ से उपचार : रोटरी क्लब उदयपुर मीरा की अध्यक्षा डॉ. रेखा सोनी ने बताया कि इस परियोजना की मूल भावना यही है कि जहाँ दवा अनिवार्य हो, वहाँ योग्य चिकित्सकों से उपचार हो — परन्तु जहाँ केवल जीवनशैली परिवर्तन, ध्यान या समग्र चिकित्सा से राहत संभव हो, वहाँ दवा से परे भी समाधान खोजे जाएँ। डॉ. सोनी ने बताया कि हम चाहते हैं कि प्रत्येक व्यक्ति एवं प्रत्येक परिवार यह समझे कि स्वास्थ्य केवल दवाइयों से नहीं, बल्कि समग्र जागरूकता, भावनात्मक संतुलन, तथा सच्चे सुकून से प्राप्त होता है। ‘परियोजना सुकून’ इसी सोच को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास है। इस अवसर पर विजय लक्ष्मी गलूण्डिया, डॉ  सीमा सिंह भाटी, सुषमा कुमावत, स्नेहा के शर्मा, कुसुम मेहता सहित रोटरी मीरा की सदस्याएं मौजूद रही।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!