उदयपुर। पंजाब केसरी समूह के हिन्दी दैनिक ‘पंजाब केसरी’ के राजस्थान में दो नए संस्करण शुरू होने जा रहे हैं। जिनमें उदयपुर और जोधपुर शामिल हैं। इनको मिलाकर राजस्थान में पंजाब केसरी के 4 संस्करण हो जाएंगे। फिलहाल जयपुर के अलावा अजमेर संस्करण जारी हैं। उदयपुर संस्करण में स्थानीय संपादक का दायित्व वरिष्ठ पत्रकार सुभाष शर्मा को सौंपा गया है, जिन्होंने पदभार ग्रहण कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार 7 राज्यों में चार भाषाओं में पंजाब केसरी के तीन दैनिक समाचार पत्र प्रकाशित होते हैं। जिनमें ‘पंजाब केसरी’ और ‘नवोदय टाइम्स’ हिन्दी भाषा में, जबकि ‘जग वाणी’ पंजाबी भाषा में प्रकाशित होता है। इसके अलावा उर्दू भाषा में इसी समूह का दैनिक समाचार पत्र ‘हिन्द समाचार’ भी प्रकाशित होता है। राजस्थान में जयपुर और अजमेर के बाद उदयपुर और जोधपुर में जल्द ही इस समाचार पत्र का प्रकाशन शुरू होने जा रहा है। उदयपुर संस्करण के संपादक बनाए गए ‘सुभाष शर्मा’ पंजाब केसरी से पहले दैनिक जागरण, प्रभात खबर, राजस्थान पत्रिका और दैनिक भास्कर के अलावा अन्य पत्र—पत्रिकाओं में संपादकीय विभाग में काम कर चुके हैं।
पंजाब केसरी का उदयपुर संस्करण जल्द सुभाष शर्मा को बनाया संपादक
