वल्लभनगर की तरह उदयपुर में भी भाजपा – कांग्रेस एक, शहर में हो रहे हैं बड़े-बड़े भ्रष्टाचार
उदयपुर, 14 अक्टूबर। जनता सेना ने विभिन्न मांगों को लेकर उदयपुर जिला कलेक्ट्रेट के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जनता सेना राजस्थान के आव्हान पर हजारों कार्यकर्ताओं के साथ जनता सेना संरक्षक व पूर्व विधायक रणधीर सिंह भीण्डर ने उदयपुर जिला कलेक्ट्रेट के बाहर विभिन्न मांगों को लेकर धरना – प्रदर्शन किया। इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों ने विभिन्न मांगों का ज्ञापन जिला कलक्टर ताराचंद मीणा को सौंपा। धरना-प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक रणधीर सिंह भीण्डर ने कहा कि कांग्रेस सरकार नहीं एक जुगाड़ हैं जो कभी भी टूट सकता है। इसलिए हमें मध्यावधि चुनाव के लिए तैयार रहनाहै। वहीं भाजपा को भी आड़े हाथ लेते हुए कहा कि वल्लभनगर की तरह उदयपुर में भी भाजपा-कांग्रेस एक है। इसलिए शहर में बड़े-बड़े भ्रष्टाचार हो रहे हैं और कोई आवाज नहीं उठा रहा है। विपक्ष की खामोशी से इनके हौसलें बुलन्द हो रहे हैं जिससे भ्रष्टाचार चर्मोत्कर्ष पर है।
धरना-प्रदर्शन में विभिन्न जगहों से हजारों की संख्या में लोग एकत्रित हुए।
भीण्डर का हुआ गर्मजोशी से स्वागत
धरना प्रदर्शन के दौरान जब पूर्व विधायक रणधीर सिंह भीण्डर भाषण देने के लिए उठे तो हजारों कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान महिलाएं भी पीछे नहीं रही और जमकर नारेबाजी के साथ जयकारे लगा रही थी।
सरकार बचाने में भूल गये प्रदेश का विकास – भीण्डर
धरना प्रदर्शन में सम्बोधित करते हुए पूर्व विधायक रणधीर सिंह भीण्डर ने कहा कि आज प्रदेश में महिलाएं और बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं। देश में महिलाओं पर हो रहे अपराध में राज्य दूसरे स्थान पर है। मुख्यमंत्री सरकार को बचाने के चक्कर में प्रदेश का विकास भूल चुके है। ये जुगाड़ी सरकार ज्यादा दिन नहीं चलने वाली और 19 अक्टूबर के बाद आलाकमान का फैसला विपरीत आने पर सरकार गिरने के पूरे आसार है। इसलिए अगले वर्ष दिसंबर के बजाएं अप्रैल – मर्ई में ही मध्यावधि चुनाव होने की संभावना लग रही है।
वल्लभनगर की तरह उदयपुर में भी भाजपा-कांग्रेस एक – भीण्डर
उदयपुर शहर में हो रहे भ्रष्टाचारों पर कटाक्ष करते हुए भीण्डर ने कहा कि शहर में 7 बार से विधायक जी ने एक भी ऐसा कार्य नहीं करवाया जिससे उनको याद किया जा सके। वहीं भूखण्डों में करोड़ों के घोटाले की जांच के लिए सरकार से मांग की तो उन्होंने भी ठण्डे बस्ते में डाल दी। जिससे साफ जाहिर होता है कि वल्लभनगर की तरह उदयपुर में भी भाजपा-कांग्रेस एक है।
धरना प्रदर्शन को प्रदेशाध्यक्ष भूरालाल मेनारिया, देहात प्रभारी हरिसिंह चौहान कुराबड़, देहात जिलाध्यक्ष धर्मराज मियावत, संरक्षक रुपलाल मेनारिया, मांगीलाल जोशी, युवा जनता सेना प्रदेशाध्यक्ष रमेश डांगी, भीण्डर पंचायत समिति प्रधान हरिसिंह सोनिगरा, भीण्डर नगर पालिका अध्यक्ष निर्मला भोजावत, उदयपुर शहर युवा जनता सेना अध्यक्ष पंकज सुखवाल, शहर जिलाध्यक्ष दिनेश माली, हितेश व्यास आदि ने संबोधित किया।
