कोटा। जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (जार) कोटा ईकाई की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आज (मंगलवार) को प्रेस क्लब में आयोजित किया गया। समारोह में जयपुर, उदयपुर, कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़, भवानीमंडी समेत कई जिलों के पत्रकार शामिल हुए।
पत्रकारिता करना कांटों का ताज पहनना है और दो धारी तलवार है-
प्रेस क्लब कोटा के अध्यक्ष व कोटा जार के मुख्य संरक्षक गजेंद्र व्यास ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा व हित के लिए जार कार्य कर रहा है। पत्रकारिता करना कांटों का ताज पहनना है और दो धारी तलवार है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की समस्या यह है कि पत्रकारों की आय का कोई परमानेंट साधन नहीं है और अखबारों में कार्य करने वाले पत्रकारों की समस्या यह है कि मालिकों के इशारों पर काम करना पड़ता है उन्होंने कहा कि पत्रकारों की एक समस्या और है कि यदि किसी के पक्ष में लिखता है तो वह खुश हो जाता है वहीं यदि सकारात्मक बात को भी किसी के विपरीत लिख दिया तो वह नाराज हो जाता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को आवास की समस्या है यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल ने पत्रकारों के लिए बहुत कुछ किया है पत्रकार कॉलोनी बसाई है और भी कई कार्य किए हैं लेकिन 25 सालों के अंदर बहुत कुछ परिवर्तन हो गया है। आज भी पत्रकार एक छत के नीचे नहीं है रोजी रोटी के लिए कई जगह घूमता है।
उन्होंने कहा कि हम केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के कार्यक्रम में सवाई माधोपुर गए थे, वहां हमने प्रस्ताव दिया था कि नेशनल हाईवे पर पत्रकारों को टोल फ्री करें। सवाल पर नितिन गडकरी ने कहा मैं बिल्कुल नहीं करूंगा ,इस फोकट क्लास को मैं बिल्कुल कुछ नहीं दूंगा। आज तुम मांग रहे हो कल शहीद मांगेंगे फिर उनकी विधवायें मांगेगी फिर और कोई मांगेगा, मैंने पंद्रह हजार करोड़ रुपए का लोन लिया है इसे कैसे चुकाऊंगा। उन्होंने कहा कि हमने इस बात को पूरे देश की मीडिया में उछाला और कहा कि मंत्री जी आप यह गलत कह रहे हैं पत्रकार फोकट क्लास नहीं है पत्रकार समाज का वह तबका है जो जनता के हित के लिए समाज के हित के लिए आवाज उठाता है।
समारोह के मुख्य अतिथि कांग्रेस नेता अमित धारीवाल ने कहा कि पत्रकारों के साथ मेरा यह पहला मौका है संबोधन का, मैं अपने आप को भाग्यशाली समझता हूं। कई हजारों में से एक आदमी पत्रकार बनता है। सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को पत्रकार अपनी लेखनी व चैनल के माध्यम से समाज के सामने रखते हैं। उन्होंने कहा कि मैं आपके बीच का आदमी हूं यदि कभी भी आपको मेरी जरूरत हो तो आप मुझे एक फोन जरूर करना मैं हमेशा सहायता के लिए तैयार रहूंगा।
राजस्थान पत्रकार संघ जार कोटा ईकाई के जिलाध्यक्ष असलम रोमी ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर जार कोटा कार्यकारिणी के पत्रकारों में खासा उत्साह देखा गया। शपथ ग्रहण समारोह व वरिष्ठ पत्रकार सम्मान समारोह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कॉंग्रेस नेता अमित धारीवाल, एंटी करप्शन हुमन राइट्स इंडिया की राष्ट्रीय सचिव रीना खान, जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष शर्मा, प्रदेश महासचिव भाग सिंह, पूर्व महासचिव सजंय सैनी मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष ने समारोह में पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग की। इसके साथ ही पत्रकारों पर हो रहे आए दिन हमले, अत्याचार व उत्पीड़न के मामले में भी शासन-प्रशासन को अवगत करवाया गया। कार्यक्रम में हाड़ौती के वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान भी किया गया।
