— चोला बदलने से चाल-चलन और चरित्र नहीं बदलता…
उदयपुर। केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने विपक्षी गठबंधन इंडिया पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा, यूपीए का नाम बदलकर इंडिया गठबंधन किया है, किन्तु चोला बदलने से नेताओं का चाल, चलन और चरित्र नहीं बदलता। उन्होंने जी—20 समिट पर कांग्रेस के नेताओं के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस की मानसिकता दिवालियापन की है। केन्द्रीय मंत्री गुरुवार को भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा कस्बे में भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने शाहपुरा कस्बे में रोड शो के बाद सभा को संबोधित किया।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि सनातन धर्म को खत्म करने को लेकर इंडिया गठबंधन के नेता जो बयान दे रहे हैं, वे यह जान लें कि सनातन धर्म कभी खत्म नहीं हो सकता। केंन्द्रीय मंत्री ने कांग्रेस के साथ राज्य सरकार पर भी जमकर हमले किए। उन्होंने पेपर माफिया, बजरी माफिया, बेरोजगारी, किसान कर्ज माफी, बेरोजगारी एवं महिला अत्याचार को लेकर जमकर राज्य सरकार की खिंचाई की।
शाहपुरा से रवाना भाजपा की “परिवर्तन संकल्प यात्रा गुरुवार शाम केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में पहुंची, जहां उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, राष्ट्रीय मंत्री व प्रदेश सह-प्रभारी विजया राहटकर, यात्रा के संयोजक व राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत व इस यात्रा में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं भारी संख्या में आमजन शामिल हुए।