जिला परिषद ने सीईओ ने गोगुंदा एवं कोटड़ा में ली बैठक

ग्रामीण विकास पंचायती राज विभागीय योजनाओं की समीक्षा की
नरेगा कार्यों में अनियमितता मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही के दिए निर्देश
उदयपुर, 8 मई। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती कीर्ति राठौड़ ने बुधवार को पंचायत समिति गोगुंदा एवं कोटड़ा में ग्राम विकास अधिकारियों, कनिष्ठ सहायकों, तकनीकी सहायकों सहित शाखा प्रभारियों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं की ग्राम पंचायतवार समीक्षा की। उन्होंने नरेगा कार्यों सहित पंचायत समिति के कार्यालय का निरीक्षण किया।
निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक की जानकारी देते हुए अतिरिक्त विकास अधिकारी राजेन्द्र शर्मा ने बताया कि सीईओ ने बैठक में उपस्थित सभी ग्राम विकास अधिकारियों, कनिष्ठ सहायकों, तकनीकी सहायकों सहित शाखा प्रभारियों को स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठोस कचरा निस्तारण प्रबंधन के लिए निर्धारित कार्य नियत समयावधि में पूर्ण करने, आवास के अपूर्ण कार्यों को लाभार्थियों से समन्वय कर शीघ्र पूर्ण कराने, अपूर्ण भवन निर्माण के कार्य पूर्ण कर उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रेषित कराने, महानरेगा में अधिक से अधिक जरूरतमंदों को रोजगार उपलब्ध कराने, सभी कार्मिक राजकाज पोर्टल पर ई- फाइलिंग से कार्य सम्पादित करने सहित विभिन्न योजनाओं में असन्तोषजनक प्रगति होने तथा बैठक में अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने शाखाओं का निरीक्षण कर शाखा प्रभारियों से उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली और आमजन के कार्य नियत समय पर सम्पादित करने, महानरेगा में श्रमिकों को समय पर भुगतान करने, औसत श्रमिक दर बढ़ाने, अपूर्ण कार्य समय पर पूर्ण करने, बकाया एबीपीएस का कार्य तत्काल कराने, ग्राम पंचायतों में समुचित सफाई व्यवस्था करने सहित आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किये।
उन्होंने गोगुंदा में नरेगा कार्य के निरीक्षण में अनियमितता मिलने पर संबंधित मेट को ब्लेक लिस्टेड करने, कनिष्ठ सहायक को चार्जशीट देने तथा कम्प्यूटर आपरेटर, ग्राम विकास अधिकारी, कनिष्ठ तकनीकी सहायक एवं सहायक अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। समीक्षा बैठक में गोगुन्दा के विकास अधिकारी देवेन्द्र कंसल, कोटड़ा विकास अधिकारी मनवीर सिंह सहित निशा अग्रवाल, ग्यारसी लाल शर्मा, एमआईएस, तकनीकी सहायक, लेखा सहायक, एसबीएम कॉर्डिनेटर, ग्राम विकास अधिकारी, कनिष्ठ सहायक सहित अन्य शाखाओं के प्रभारी अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!