प्रेम प्रसंग में युवक की पीट—पीटकर हत्या

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

तीन युवकों ने सिर पर बरसाए डंडे और मौत के बाद शव सड़क पर फेंक गए
उदयपुर, 04 अप्रेल (ब्यूरो): सलूम्बर क्षेत्र के दवाणा गांव में बुधवार रात दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। जिसमें तीन युवकों ने मिलकर एक युवक की पीट—पीटकर हत्या कर दी। युवक के दम तोड़ने के बाद आरोपी शव को सड़क पर फेंक कर भाग गए। गुरुवार सुबह पुलिस ने हत्या के तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि इस घटना के बाद दवाणा गांव में अतिरिक्त पुलिस जाब्ता लगा दिया गया।
मामला प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। सलूम्बर थाना क्षेत्र की जावद चौकी क्षेत्र में हुई घटना का पता पुलिस को वारदात के एक घंटे बाद पता चला। जिसके बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार, थानाधिकारी मनीष खोईवाल पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि जिस युवक की हत्या की गई उसकी पहचान दवाणा गांव के राजकुमार उर्फ राजू पुत्र भीमा मीणा के रूप में हुई। जिसका शव पुलिस ने बुधवार रात सलूम्बर के जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। जहां गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि 27 वर्षीय मृतक कुंवारा था। जिसका किसी विवाहिता से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसके चलते कुछ महीने पहले भी उन्हीं आरोपियों ने उससे मारपीट की जिन पर हत्या का आरोप है। उसके बाद भी उसने महिला से मिलना बंद नहीं किया तो आरोपियों ने उसे मिलने के लिए खेत में बुलाया था। जहां उसके पहुंचते ही आरोपियों ने उसकी डंडे से इतनी देर तक पिटाई की, जब तक उसकी जान नहीं निकल गई। सिर पर डंडों से हुए हमलों की वजह से राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी। जिसके बाद आरोपी राजकुमार का शव जावद—जयसमंद रोड पर पटक कर भाग गए थे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!