जब्त नकदी को छुड़ाने 7 दिन के भीतर कर सकते हैं आवेदन

उदयपुर, 30 अक्टूबर। विधानसभा आम चुनाव 2023 के पारदर्शी और निष्पक्ष संपादन को लेकर गठित विशेष दस्तों की ओर से जब्त की गई नकदी को पुनः प्राप्त करने के लिए संबंधित व्यक्ति कार्यवाही के 7 दिन के भीतर आवेदन कर सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद पोसवाल ने बताया कि जब्तशुदा नकदी के मामलों में अग्रिम कार्यवाही को लेकर निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के तहत सीईओ जिला परिषद, एडीएम प्रशासन और कोषाधिकारी शहर की कमेटी गठित की गई है। कार्यवाही के दौरान जब्त की जाने वाले नकदी को वापस प्राप्त करने के लिए संबंधित व्यक्ति 7 दिन के भीतर कमेटी के समक्ष सक्षम दस्तावेजों के साथ आवेदन कर सकता है। कमेटी दस्तावेजों की जांच कर संतुष्ट होने पर नकद रिलीज कर सकती है। संबंधित व्यक्ति को उक्त नकदी निर्धारित समय में बैंक खाते में जमा कराकर उसकी रसीद कमेटी को प्रस्तुत करनी अनिवार्य रहेगी। उन्होंने बताया कि कमेटी ने अब तक दो आवेदनों का निस्तारण कर तकरीबन 5 लाख से अधिक की नकदी रिलीज की है।

राजस्थान सिविल पेंशनर को जीवन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के दिशा-निर्देश जारी
उदयपुर 30 अक्टूबर। पेंशन विभाग की ओर से राजस्थान सिविल पेंशनर को जीवन प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए गये है। विभाग की अतिरिक्त निदेशक भारती राज ने बताया कि पेशनर विभिन्न तरीकों यथा पेंशन विभाग की वेबसाईट पर अपलोड करके, आधार नंबर से ऑथेंटिक डेट बायोमेट्रिक मशीन से, जीवन प्रमाण मोबाइल एप से फेस ऑथेन्टिकेशन द्वारा एवं मैनुअल या व्यक्तिगत उपस्थिति द्वारा जीवन प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर सकते है। उन्होंने बताया कि आधार नंबर से ऑथेंटिक डेट बायोमेट्रिक मशीन द्वारा जीवन प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पेंशन कार्यालय 1 नवंबर से प्रारम्भ कर दी जाएगी।

राष्ट्रीय एकता दिवस आज मनाया जाएगा
उदयपुर 30 अक्टूबर। सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती को 31 अक्टूबर को जिलेभर में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाएगा। राज्य सरकार की ओर से आयोजन इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश प्राप्त हुए हैं। अतिरिक्त जिला कलक्टर राजीव द्विवेदी ने समस्त जिला एवं उपखंड स्तरीय अधिकारियों को राज्य सरकार के दिशा-निर्देशानुसार राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम मनाने के निर्देश दिए है। साथ ही इस आयोजन के दौरान आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!