उदयपुर. अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नाई में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रातःकाल से ही विद्यालय परिसर में योग दिवस को लेकर विशेष उत्साह एवं उमंग का वातावरण देखने को मिला।
योग प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न प्रकार के योगासन एवं प्राणायाम कराए गए। प्रतिभागियों को खड़े होकर, बैठकर तथा अन्य सरल योगासन करवाए गए, जिससे शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उपाय बताए गए।
योगाभ्यास के पश्चात योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसके नियमित अभ्यास से होने वाले लाभों की जानकारी दी गई। बताया गया कि योग व्यक्ति को स्वस्थ, तनावमुक्त एवं ऊर्जावान बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जीवनलाल मेघवाल ने सभी को नियमित रूप से योग अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और स्वस्थ जीवन के लिए इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि बद्रीलाल आयुष प्रभारी किरणजी आदि गणमान्य एवं गाँव के विभिन्न संस्थाओ के विद्यार्थी उपस्थित थे। यह जानकारी स्थानीय विद्यालय के वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक लीलाधर ने दी ।
