उदयपुर, 21 जून। पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र ,उदयपुर ने आज विश्व योग दिवस एवं विश्व संगीत दिवस पर शिल्पग्राम में सुबह श्रीमती मीरा उपाध्याय की टीम द्वारा विधिवत योगाभ्यास कराये गए जिनमें विभिन्न आसनों के प्रदर्शन और प्रयोग हुए, जिनमें कलाकारों और जन समुदाय की सक्रिय भागीदारी रही। योग दिवस की थीम ‘‘स्वयं एवं समाज के लिए योग’’ थी।
पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर के निदेशक फुरकान खान ने शरीर और मन को स्वस्थ रखने की बात पर जोर दिया। करीब एक घंटे के इस सत्र में योग प्रशिक्षक मीरा उपाध्याय के सानिध्य में लोक कलाकारों, शिल्पकारों तथा केन्द्र के अधिकारियों व कर्मचारियों ने विभिन्न प्रकार के आसनों, योग मुद्राओं तथा भ्रामरी का अभ्यास किया। मीरा उपाध्याय ने मंच से समस्त क्रियाओं के शारीरिक लाभ तथा उनके अभ्यास को सहज और सरल ढंग से समझाया। इस अवसर पर इनके साथ आये सहयोगियों ने योग क्रियाओं का प्रदर्शन कर अभ्यास को सुगम बनाया। इसके बाद बाड़मेर से आए फिरोज खां मांगणियार दल ने गणेश जी पर प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन दुर्गेश चांदवानी ने किया। अंत में कार्यक्रम अधिकारी पवन अमरावत ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर केन्द्र के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
शिल्पग्राम में हुआ योगाभ्यास एवं मांगणियार गायन
