विश्वप्रसिद्ध मेवाड़ महोत्सव का आयोजन 11 अप्रेल से

आयोजित होगी विविध सांस्कृतिक गतिविधियां, तैयारियों को लेकर 9 अप्रेल को जिला कलेक्ट्रेट में बैठक
उदयपुर, 04 अप्रेल। जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विश्व प्रसिद्ध दो दिवसीय मेवाड़ महोत्सव का आयोजन आगामी 11 अप्रैल से होगा। इस दौरान विविध सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन होगा जिसके जरिए लोक कला एवं संस्कृति का प्रदर्शन होगा जिससे देश-विदेश के पर्यटक रूबरू होंगे।
उपनिदेशक पर्यटन शिखा सक्सेना ने बताया कि मेवाड़ महोत्सव के दौरान 11 अप्रेल को सायं 4 से 6 बजे तक शहर में विभिन्न समाजों की गणगौर सवारी गणगौर घाट पहुंचेंगी। 6 से 7 बजे तक बंशी घाट से गणगौर घाट तक रॉयल गणगौर की सवारी प्रमुख आकर्षण का केन्द्र होगी। वहीं शाम को सांस्कृतिक संध्या व आतिशबाजी का आयोजन होगा। 10 अप्रेल को सायं 7 बजे गणगौर घाट पर सांस्कृतिक संध्या व विदेशी युगल के लिए राजस्थानी पोशाक प्रतियोगिता का आयोजन होगा। वहीं 11 से 13 अप्रेल को गोगुन्दा में ग्रामीण हाट बाजार के साथ सांस्कृतिक संध्या व आतिशबाजी का आयोजन होगा।
महोत्सव के दौरान विशेष सजावट, आतिशबाजी, सांस्कृतिक संध्या, शाही गणगौर की सवारी, विदेशी युगल प्रतियोगिता, रोशनी व्यवस्था आदि आकर्षण होंगे। इसके अलावा अभिनव पहल के तहत इस वर्ष पर्यटन विभाग द्वारा विशेष योग्यजन और आर्थिक रूप से अशक्त विशिष्ट प्रतिभा रखने वाले बच्चों को भी मंच प्रदान किया जाएगा जिनको उनकी प्रस्तुतियों पर पर्यटन इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। इस संबंध में मंगलवार 9 अप्रैल को कलेक्ट्रेट परिसर में जिला कलेक्टर अरविंद कुमार पोसवाल की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा हेतु बैठक का आयोजन किया जाएगा।

रसद विभाग की टीम ने उचित मूल्य दुकानों का किया निरीक्षण
उदयपुर, 04 अप्रेल। जिला कलक्टर अरविंद पोसवाल के निर्देशानुसार रसद विभाग की टीम में शहर में विभिन्न उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण किया। जिला रसद अधिकारी गितेश श्री मालवीय, प्रवर्तन अधिकारी मनीष भटनागर एवं प्रवर्तन निरीक्षक मनीष शर्मा ने उदयपुर शहर के वार्ड 12 ब्रह्मपोल, वार्ड न. 2 एवं वार्ड 05 अम्बामाता, वार्ड न. 05 चांदपोल एवं वार्ड न. 56 हाथीपोल स्थित आठ उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान वितरण किए जाने वाले खाद्य सुरक्षा के गेहूं की गुणवत्ता का अवलोकन किया एवं मौके पर उपस्थित उपभोक्ताओं (खाद्य सुरक्षा लाभार्थी) से संवाद किया। निरीक्षण दौरान खाद्य सुरक्षा का गेहूं फेयर एवरेज क्वालिटी का होना पाया गया एवं उपभोक्ता भी वितरण व्यवस्था से संतुष्ठ पाये गये।

बैठक 8 को
उदयपुर, 04 अप्रेल। आगामी दिनों विभिन्न पर्वों के दृष्टिगत उदयपुर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यक्रम के आयोजक, शांति समिति के सदस्यों एवं अधिकारियों की बैठक 8 अप्रेल को प्रातः 11 बजे जिला परिषद सभागार में जिला मजिस्ट्रेट अरविंद पोसवाल की अध्यक्षता में आयोजित होगी।
अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि 9 अप्रेल को नवरात्रि स्थापना एवं हिन्दू नववर्ष पर आयोजित होने वाली शोभायात्रा, 10 अप्रेल को चेटीचण्ड पर्व पर निकलने वाले जुलूस, 11 अप्रेल को ईदुलफितर (चाँद से), 11 अप्रेल को महात्मा ज्योतिबा फूले जयंती, 14 अप्रेल को डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती, 17 अप्रेल को रामनवमी एवं 21 अप्रेल को महावीर जयंती इत्यादि पर्वों को दृष्टिगत रखते हुए उदयपुर नगर व जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु शोभायात्रा एवं कार्यक्रम के आयोजकों, शांति समिति के सदस्यों एवं संबंधित अधिकारियों को इस बैठक में आमंत्रित किया गया है।

एडीजे शर्मा ने मावली में उपकारागृह व अनुदानित बालक गृह का किया निरीक्षण
उदयपुर, 04 अप्रेल। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के माननीय सदस्य सचिव व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष के निर्देशानुसार एडीजे कुलदीप शर्मा ने मावली में उपकारागृह व समिधा संस्थान द्वारा संचालित अनुदानित बालक गृह का साप्ताहिक निरीक्षण किया। उपकारागृह मावली के निरीक्षण के दौरान बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता, चिकित्सा, भोजन, नाश्ते, मुलाकात, एसटीडी इत्यादि के बारे में जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं अनुदानित बालक गृह मावली के निरीक्षण के दौरान निराश्रित बालकों के चिकित्सा, भोजन, नाश्ते व अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। निराश्रित बालकां को बाल विवाह रोको अभियान, पॉक्सो कानून, गुड टच बेड टच की जानकारियां भी दी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!