उदयपुर, 12 नवम्बर। विद्यार्थी वर्ग में सतत बढ़ रहे मानसिक तनाव एवं अवसाद को कैसे कम किया जाए , इस विषय पर कार्यशाला का आयोजन राजकीय उच्च माध्यमिक कन्या विद्यालय रेजीडेंसी में किया गया, जिसमें विद्यालय की लगभग 450 छात्राओं की काउंसलिंग कर मनोवैज्ञानिक एवं व्यावहारिक परामर्श प्रदान किया गया।
ज्ञातव्य है कि जैनाचार्य विजयराज जी म.सा. ने 10 सितम्बर 2022 को अपनी जन्म भूमि बीकानेर में ‘‘आत्महत्या मुक्त विश्व अभियान’’ की परिकल्पना को साकार करने हेतु हर वर्ग का व्यक्ति अवसाद एवं चिंता से मुक्त हो, प्रसन्नता एवं उत्साह के साथ जीवन में आगे बढ़े, एक अभियान चलाने की प्रेरणा दी। अब तक देश भर में 10 लाख से अधिक लोगों ने कभी भी आत्महत्या न करने का संकल्प ग्रहण किया है एवं विभिन्न विद्यालयों में 60 हजार से अधिक युवा एवं किशोरवय विद्यार्थियों की काउंसलिंग की गई है।
आचार्य श्री विजयराज जी म.सा. के आज्ञानुवर्ती तपस्वी संतरत्न श्री विनोद मुनि जी म.सा. ने रेजीडेंसी की छात्राओं को सम्बोधित करते हुए बताया कि आज के इस कम्पिटिशन के युग में एवं अभिभावकों की उच्च महत्वाकांक्षाओं के मध्य विद्यार्थी मानसिक तनाव से जूझ रहे हैं। केरियर एवं पढ़ाई के बोझ तले विद्यार्थी वर्ग डिप्रेशन जैसी कई मानसिक बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं और सेल्फ हार्मिंग बिहेवियर के शिकार हो रहे हैं। इस आयु में विद्यार्थियों की काउंसलिंग बहुत जरूरी है। किशोर वय में बच्चों में शारीरिक परिवर्तन के साथ मानसिक परेशानियां बढ़ती हैं। अभिभावक शारीरिक परेशानियों में तो बच्चों को मदद करते हैं पर उनकी मानसिक परेशानियों को न समझ कर उन्हें दरकिनार कर देते हैं। आज जबकि इलेक्ट्रोनिक गेजेट्स का बढ़ता उपयोग युवाओं के रहन-सहन को प्रभावित कर रहा है। वे समुचित मार्गदर्शन के अभाव में, अकेलेपन में, एक क्षण के नाजुक पल में स्वयं को नुकसान पहुंचाने की चेष्टा करते हैं। इन नकारात्मक पलों में कैसे उभरें एवं मनुष्य जन्म कितना मूल्यवान है, इसका सदुपयोग कर जीवन में आगे बढ़े। इन्हीं बिंदुओं पर विनोद मुनि जी म.सा. ने छात्राओं का मार्गदर्शन किया। कार्यशाला के अंत में शंका समाधान एवं प्रश्नोत्तरी का सत्र हुआ। पूछे गए प्रश्नों का सही उत्तर देने वाली सात छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यशाला में शान्त-क्रान्ति संघ के समन्वयक नरेन्द्र हिंगड़ एवं एज्युकेशन काउंसलर विकास छाजेड़ ने भी विचार व्यक्त किए एवं संस्था प्रधान रंजना मिश्रा के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। संस्था प्रधान रंजना मिश्रा ने विनोद मुनि जी म.सा. के प्रति हार्दिक आभार प्रकट किया।
विद्यार्थी वर्ग में बढ़ते मानसिक तनाव के प्रबंधन पर कार्यशाला
