मोदी सरकार वैश्विक मंच पर हमारे नागरिकों की गरिमा और अधिकारों की रक्षा करने में विफल -फतह सिंह राठौड़
उदयपुर देहात जिला कांग्रेस कमेटी एवं उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा अमेरिका से भारतीय नागरिकों को अमानवीय तरीके से भारत भेजे जाने पर केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन।
उदयपुर। 07 फरवरी। अमेरिका से भारतीय नागरिकों को अमानवीय तरीके से भारत भेजे जाने के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी एवं उदयपुर देहात जिला कांग्रेस कमेटी ने संयुक्त रूप से केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
उदयपुर देहात जिला कांग्रेस प्रवक्ता डॉ संजीव राजपुरोहित ने बताया कि अमेरिका सरकार द्वारा भारतीय प्रवासियों के अचानक एवं अन्यायपूर्ण निर्वासन से उत्पन्न संकट के समय यह आवश्यक है कि हम सभी मिलकर इन गंभीर अन्यायों के विरुद्ध आवाज उठाएं। इन खतरनाक घटनाओं के बावजूद केंद्र की मोदी सरकार उदासीन और असहाय बनी हुई है। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय पर मानवीय व्यवहार और नीति सुधार के लिए सामूहिक मांग को लेकर केंद्र की मोदी सरकार के विरोध में विरोध प्रदर्शन किया गया।
विरोध प्रदर्शन के बाद उदयपुर देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष कचरू लाल चौधरी ने अपना वक्तव्य देते हुए कहा कि आज पूरा देश मोदी सरकार से सवाल कर रहा है कि 100 करोड़ रुपए खर्च कर ‘नमस्ते ट्रंप’ कहने वाली मोदी सरकार अपने देश के नागरिकों के साथ हुए ऐसे बर्ताव पर चुप क्यों है? क्या आज देश के नागरिकों के साथ हुए ऐसे बर्ताव पर मोदी सरकार को चुप रहना चाहिए? मोदी सरकार की ये खामोशी उनकी देश के लोगों के प्रति साहस और प्रतिबद्धता की कमी को बताती है। मोदी सरकार को चाहिए कि हर समय कांग्रेस के नेताओं को कोसने और कांग्रेस सरकार की कमियों को निकालने का काम बंद करे और अमेरिका से इस घटना के संबंध में कड़े शब्दों में वार्ता करे। कांग्रेस पार्टी देश के हर नागरिक के सम्मान और गरिमा बनाए रखने के लिए सदन से सड़क तक उनके हक की लड़ाई लड़ती रहेगी।
उदयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने अपने वक्तव्य में कहा कि 40 घंटों तक हाथों में हथकड़ियां और पैरों में बेड़ियां डालकर अमेरिका से भारत भेजे गए भारतीय नागरिकों के साथ हुए ऐसे दुर्व्यवहार के बाद भी मोदी सरकार चुप है, ये शर्म की बात है। मोदी सरकार वैश्विक मंच पर हमारे नागरिकों की गरिमा और अधिकारों की रक्षा करने में विफल रही है। मोदी सरकार की विफल विदेश नीति का गुब्बारा फट गया है। आज विश्व स्तर पर देश के नागरिकों के सम्मान और गरिमा को जो ठेस लगी है उसके लिए मोदी सरकार जिम्मेदार है। मोदी सरकार को इसके लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।
विरोध प्रदर्शन में उदयपुर देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष कचरू लाल चौधरी, उदयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़, पीसीसी उपाध्यक्ष सुरेश श्रीमाली, पीसीसी महासचिव पंकज शर्मा, उदयपुर शहर जिला कांग्रेस संगठन महामंत्री अरुण टांक, वरिष्ठ नेता शराफत खान, उदयपुर देहात जिला कांग्रेस प्रवक्ता डॉ संजीव राजपुरोहित, उदयपुर शहर जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष दलपत सिंह चुंडावत, डॉ दिव्यानी कटारा, ब्लॉक अध्यक्ष सोमेश्वर मीणा, अजय सिंह, पूर्व पार्षद शंकर चंदेल, गौरव प्रताप सिंह, उदयपुर शहर जिला कांग्रेस प्रवक्ता शिव शंकर मेनारिया, पंकज पालीवाल, लक्ष्मी लाल सोनी , अमित श्रीवास्तव, कमलेश पटेल, लोकेश मीणा, लवंग मुड़िया,
राकेश खेखावत, ऋतुराज मिश्रा, धर्मेश मालवीय, अमित सुहालका, महेश धन्नावत, गिरधारी लाल शर्मा, शहजाद खान, सत्यनारायण टांक, मुस्तफा शेख, ओम डांगी, किशन सिंह चुंडावत, महेंद्र डामोर, गणेश चंद्र शर्मा, संजय मंदवानी सहित कई पदाधिकारी एवम कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
