ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग ने लगाया पिंजरा
उदयपुर, 24 जुलाई : जिले के वल्लभनगर क्षेत्र के बाठरड़ा खुर्द गांव में एक बार फिर से दो लेपर्ड की मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार रात करीब 9:22 बजे गांव लौट रहे युवकों ने अपनी कार के सामने अचानक एक लेपर्ड को देखा। मेनारिया ब्राह्मण समाज के नोहरे के पास कार की हेडलाइट पड़ते ही लेपर्ड तेजी से छलांग मारकर तालाब की ओर भाग गया। कार में सवार युवकों ने उस पल का वीडियो मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब वायरल हो चुका है।

इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि अब महिलाएं और बुजुर्ग दिन में भी मवेशियों को चराने जाने से डरने लगे हैं। मंगलवार दोपहर एक अन्य ग्रामीण ने भी कुएं के पास दो लेपर्ड देखे और भय के कारण तुरंत घर लौट आया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले पांच महीने से जंगलों में लेपर्ड दिख रहे थे, लेकिन अब वे गांव की गलियों और सड़कों तक आ गए हैं। दो दिन पहले गाडरियों के मोहल्ले में एक लेपर्ड ने बकरियों पर हमला कर दिया।
शिकायत के बाद वन विभाग सक्रिय हुआ। क्षेत्रीय वन अधिकारी कैलाश मेनारिया के निर्देश पर भटेवर वन नाके से सुरेश मेनारिया व रविराज मौके पर पहुंचे और एक पिंजरा लगाया। लेपर्ड की निगरानी के लिए टीम तैनात की गई है। सरपंच प्रतिनिधि पदम सिंह, सचिव रणजीत सिंह सहित ग्रामीणों की उपस्थिति में यह कार्रवाई की गई। अधिकारी ने बताया कि लेपर्ड को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
