उदयपुर के आर्ट्स कॉलेज में मतगणना होगी, दोपहर दो बजे तक आ जाएंगे परिणाम
उदयपुर, 02 दिसम्बर(ब्यूरो):साल 2018 के विधानसभा चुनाव को छोड़ दिया जाए तो मेवाड़ का मिथक साबित करता है कि मेवाड़ के मतदाताओं ने जिसको चुना, सरकार उसी की बनेगी। 3 दिसम्बर को चुनाव परिणाम से साबित होगा कि मेवाड़ का मिथक फिर से साबित होगा या पिछली बार की तरह टूटेगा।
मेवाड़—वागड़ की 28 सीटों में पहली बार 2018 के विधानसभा में भाजपा को 15,कांग्रेस को10 तथा बीटीपी को 3 सीटें मिली, किन्तु सरकार कांग्रेस की बनी। इससे पहले यहां की जनता जिस पार्टी को बहुमत देती रहीं, राज्य में सरकार भी उसी की बनती रही थी। इस बार राज्य की जनता की निगाह मेवाड़—वागड़ की विधानसभा सीटों के परिणाम पर ही रहेगी। मोहन लाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के आर्ट्स कॉलेज में उदयपुर जिले की आठों विधानसभा सीटों की मतगणना होगी। अनुमान है कि पहला परिणाम सुबह दस बजे तक तो अंतिम परिणाम दोपहर दो बजे तक आ जाएगा।
मेवाड़ की हॉट सीटें, जिन पर सर्वाधिक निगाह बनी रहेगी
मेवाड़ में इस बार कुछ विधानसभा सीटें बेहद हॉट हैं और उनके परिणाम पर प्रदेश के लोगों की निगाह बनी रहेगी। उनमें नाथद्वारा, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, उदयपुर शहर, निम्बाहेड़ा, वल्लभनगर शामिल हैं। नाथद्वारा सीट पर मौजूदा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी और मेवाड़ के पूर्व राजघराने के सदस्य विश्वराज सिंह मेवाड़ के बीच कड़ी टक्कर है। राजनीति के चाणक्य इस बार यहां इस कदर उलझे के अपने समर्थक प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार तक नहीं कर पाए और नाथद्वारा में ही बने रहे। चित्तौड़गढ़ में इस बार भाजपा के नरपतसिंह राजवी का मुकाबला अपनी ही पार्टी के विधायक और बागी उम्मीदवार चंद्रभान सिंह आक्या और कांग्रेस के सुरेंद्र सिंह जाड़ावत से हैं। इसी जिले के निम्बाहेड़ा से सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजन का मुकाबला उनके पुराने प्रतिद्वंद्वी भाजपा के श्रीचंद कृपलानी से है। वहीं राजसमंद से भाजपा की दीप्ति माहेश्वरी के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार नारायण सिंह भाटी के अलावा अपनी ही पार्टी के बागी होकर चुनाव लड़े दिनेश बड़ाला से हैं। इधर, उदयपुर शहर से कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो. गौरव वल्लभ का मुकाबला भाजपा के ताराचंद जैन के परिणाम पर भी राजस्थान ही नहीं, बल्कि राष्ट्र की निगाह रहेगी। उदयपुर जिले की हॉट सीट में शुमार वल्लभनगर भी शामिल है, जहां मुख्य मुकाबले में कांग्रेस और जनता सेना को बताया जा रहा है। हालांकि जनता की निगाह इस बात पर रहेगी कि भाजपा प्रत्याशी उदयलाल डांगी कांग्रेस की प्रत्याशी प्रीति शक्तावत तथा जनता सेना की दीपेंद्र कंवर का मुकाबला कितने अंतर से कर पाते हैं।
मेवाड़ का मिथक बनेगा या टूटेगा, चलेगा आज पता
