जिले में शांतिपूर्ण ढंग से हुआ मतदान

जिला निर्वाचन अधिकारी, एसपी ने किया दौरा
उदयपुर, 25 नवम्बर। विधानसभा आम चुनाव- 2023 के तहत शनिवार को जिले भर में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिले में लोकतंत्र के उत्सव के प्रति मतदाताओं ने अपार उत्साह दिखाया। जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल और जिला पुलिस अधीक्षक डॉ भुवन भूषण यादव ने शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र के मतदान बूथों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उदयपुर जिले के 8 विधानसभा क्षेत्रों में स्थापित 2209 बूथों पर शनिवार सुबह 7 बजे से मतदान प्रारंभ हुआ। इससे पूर्व सुबह 5.30 बजे मॉक पोल (वोटिंग का पूर्वाभ्यास) हुआ, ताकि किसी भी प्रकार के तकनीकी व्यवधान को मुख्य मतदान शुरू होने से पहले दूर किया जा सके। जिले भर में किसी भी बूथ से किसी प्रकार की समस्या की शिकायत सामने नहीं आई। इस दौरान संबंधित प्रत्याशियों के पोलिंग एजेंट भी उपस्थित रहे। वहीं सेक्टर ऑफिसर और जोनल मजिस्ट्रेट ने सतत भ्रमण कर अपने क्षेत्र के पोलिंग बूथों की व्यवस्थाएं संभाली। उल्लेखनीय है कि उदयपुर जिले की 8 विधानसभा सीट के लिए कुल 73 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जिले के मतदाताओं ने अपना निर्णय ईवीएम में लॉक दिया है। मतों की गिनती 3 दिसम्बर को होगी।

 पौ फटते ही बूथों पर कतारें : निर्वाचन प्रक्रिया में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग ने इस बार मतदान समय में बढ़ोतरी करते हुए सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक का समय निर्धारित किया था। अलसुबह ठण्ड भी तेज रही। इसके बावजूद शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के मतदान बूथों पर पौ फटने के साथ ही मतदाताओं के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया। अधिकांश बूथां पर सुबह 7 बजे तक पहुंचने वाले मतदाताओं की संख्या दहाई के अंक में देखी गई। दिन खिलने के साथ ही बूथों पर कतारें भी लम्बी होती रही। सुबह 9 बजे तक जिले में 9.04 प्रतिशत मतदान हुआ, वहीं 11 बजे तक 21 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। दोपहर 1 बजे तक 37.6 प्रतिशत और अपराह्न 3 बजे तक 53.28 प्रतिशत मतदान हुआ। शाम पांच बजे तक मतदान का आंकड़ा बढ़कर 64.98 प्रतिशत तक पहुंचा।

यूं बढ़ा मतदान प्रतिशत
विधानसभा           9 बजे           11 बजे         1 बजे               3 बजे             5 बजे
गोगुन्दा                 11.3             19.7             32.1               51.2             64.3
झाडोल                 8.4               20.82           37.35          51.53           68.25
खेरवाड़ा               12                 19               39.7               54.6             66
उदयपुर ग्रामीण    10                23.26           37.74           51.93           65.49
उदयपुर               10.3             22.5             36.4             51.17           63.18
मावली                 8                 22-35         41.12               56                66.3
वल्लभनगर           5.2               21.3           36.42             55.3             66.1
सलूम्बर               7                   20               39.5               54.3             60.35

आधी आबादी ने दिखाया पूरा उत्साह
लोकतंत्र के उत्सव में महिलाओं ने भी बढ चढ़़कर कर भागीदारी निभाई। हालांकि सुबह बूथों पर महिलाओं की संख्या नगण्य रही, लेकिन दिन चढ़ने के साथ बूथों पर महिलाओं के रैले उमड़े। 10-11 बजे बाद बूथों पर महिलाओं की संख्या अधिक नजर आई। महिलाएं चूल्हा चौका निपटाकर लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था का परिचय देने के लिए बूथों पर पहुंची।

जिला कलक्टर, एसपी ने किया निरीक्षण : जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अरविंद पोसवाल और जिला पुलिस अधीक्षक डॉ भुवन भूषण यादव ने शनिवार सुबह शहर के कुछ मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। दोनों अधिकारी सुबह गुलाबबाग क्षेत्र स्थित विद्यालय के मतदान केंद्र पर पहुंचे। वहां व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कतार में लगे मतदाताओं से संवाद कर सुविधाओं की जानकारी ली। इसके पश्चात खांजीपीर विद्यालय परिसर में बने बूथ का निरीक्षण किया। पटेल सर्कल के समीप मतदान केंद्र का अवलोकन करने के पश्चात सुखाड़िया सर्कल पर रेलवे प्रशिक्षण संस्थान परिसर में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मतदान केंद्र पर पहुंचे। वहां पीठासीन अधिकारी से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके पश्चात सेंट मैरी स्कूल मतदान केंद्र पर पहुंचे। यहां मतदान अधिकारियों से संवाद किया। इसमें मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित होने की जानकारी दी। यहां 94 वर्षीया बुजुर्ग महिलाओं को ईवीएम से वोटिंग में दिक्कत महसूस होने पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने डमी बैलेट पोस्टर से महिला को मतदान करने का तरीका समझाया। साथ ही पीठासीन अधिकारी को भी बुजुर्ग मतदाताओं को पहले पोस्टर से समझाने के निर्देश दिए। दोपहर बाद जिला निर्वाचन अधिकारी पोसवाल डबोक, मावली, फतहनगर क्षेत्र के दौरे पर रहे। वहां भी उन्होंने मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते हुए सुचारू रूप से चल रही मतदान प्रक्रिया का अवलोकन किया। साथ ही जहां अपेक्षाकृत कम वोटिंग हुई, वहां बूथ अवेयरनेस गु्रप को सक्रिय करते हुए मतदान प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए।

माता-पिता के साथ मतदान करने पहुंचे संभागीय आयुक्त : संभागीय आयुक्त राजेंद्र भट्ट दोपहर करीब 12 बजे सुखाड़िया सर्कल स्थित सेंट मैरी विद्यालय परिसर में स्थापित बूथ पर मतदान के लिए पहुंचे। उनके साथ वयोवृद्ध पिता ज्ञानेश्वर भट्ट और माता उमादेवी भट्ट भी मौजूद रहे। उन्होंने यहां अपने मताधिकार का उपयोग किया। साथ ही मतदान केंद्र की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संतोष व्यक्त किया।

उम्र और शारीरिक अक्षमता नहीं बनी बाधा : लोकतंत्र के उत्सव के प्रति बुजुर्गों और दिव्यांगजन का भी खासा उत्साह रहा। उम्र और शारीरिक अक्षमता किसी प्रकार की बाधा नहीं बनी। जिले के तकरीबन हर मतदान केंद्र पर वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजन का मतदान को लेकर उत्साह देखते ही बन रहा था। बुजुर्ग अपने परिवारजनों के साथ बूथों पर पहुंचे और मतदान किया। इस दौरान स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों ने भी उनका सहयोग किया।

सराहनीय रही स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों की सेवाएं : विधानसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया में हर व्यक्ति ने अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन किया। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के सहयोग के लिए नियुक्त स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों की सेवाएं सराहनीय रही। सीओ स्काउट सुरेंद्र कुमार पाण्डे ने बताया कि जिला मुख्य आयुक्त स्काउट के नेतृत्व में जिले के 2209 मतदान केन्द्रों पर प्रति मतदान केंद्र पर 02/02 स्काउट-गाइड महेंद्र कुमार जैन जिला मुख्य आयुक्त स्काउट के नेतृत्व में नियुक्त किए गए। इन स्वयंसेवकों ने बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं को सुगम मतदान करवाने में सहयोग प्रदान में महत्वपूर्ण योगदान दिया। दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं को व्हीलचेयर पर केंद्र तक पहुंचाया। वहीं मतदान केंद्रों पर भीड़ नियंत्रण में भी सुरक्षाकर्मियां का पूर्ण सहयोग किया। जिला दल मानिटरिंग की अलग अलग टोलियां बनाकर स्काउट गाइड वालियंटर द्वारा दी जा रही सेवाओं का जायजा लिया गया। कई विद्यालयों में इको क्लब, वोटर हैल्पलाइन क्लब आदि से जुड़े विद्यार्थियों ने भी सेवाएं दी।

तिलक कर व गुलदस्ते भेंट कर स्वागत : लोकतंत्र के उत्सव में मतदाताओं के उत्साहवर्धन के लिए कई नवाचार किए गए। जिले के ग्रीन बूथ, दिव्यांग बूथ, थीम बूथ पर मतदाताओं के स्वागत के लिए विशेष प्रबंध किए गए। कई विशिष्ठ बूथों पर अलसुबह पहुंचे मतदाताओं का तिलक लगाकर तथा पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

मतदाताओं ने किया पौधरोपण :
निर्वाचन प्रक्रिया के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से निर्वाचन विभाग ने इस बार नवाचार किया। इसमें हर बूथ पर प्रथम पांच मतदाताओं से केंद्र पर मतदान कराया गया। आयोग के निर्देशानुसार उदयपुर जिले के सभी बूथों पर सबसे पहले मतदान के लिए पहुंचे पांच-पांच मतदाताओं ने उत्साह के साथ मतदान केंद्र परिसर में पौधरोपण किया। वहीं ग्रीन बूथों पर मतदाताओं को तुलसी के पौधे भी वितरित किए गए।

सेल्फी का क्रेज, प्राप्त किए सर्टिफिकेट :
मतदाताओं के उत्साहवर्द्धन के लिए विशिष्ठ बूथों पर सेल्फी पॉईंट भी बनाए गए। हर आयु वर्ग के मतदाताओं ने मतदान के बाद अंगुली पर लगी अमिट स्याही का निशान दिखाते हुए सेल्फी ली। साथ ही सीईओ राजस्थान की वेबसाइट पर फोटो अपलोड किया। इस पर मतदाताओं को मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से डिजिटल सर्टिफिकेट भी जारी किए गए।

पहली बार वोटिंग का उत्साह : विधानसभा आम चुनाव में पहली बार मतदान कर रहे युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। लोकतंत्र में सक्रिय सहभागिता के पहले अवसर का युवाओं ने भरपूर उपयोग किया। बूथों पर युवाओं की खासी भीड़ नजर आई।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!