असिस्टेंट प्रोफेसर लेखा एवं बिजनेस सांख्यिकी विषय में अक्षय 20 वीं,चेतन ने 22वीं व अर्पिता ने 27 वीं रैंक हासिल की
सर्व समाज के अभ्यर्थियों को कराई जा रही निशुल्क तैयारी से चयनित हो चुके हैं सर्व समाज के अनेक विद्यार्थी
उदयपुर, 20 फरवरी। सर्व समाज की प्रगति में भी अब फाउंडेशन सहायक सिद्ध हो रहा है। गत दिनों हुई राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा असिस्टेंट प्रोफेसर लेखा एवं बिजनेस सांख्यिकी विषय का अंतिम परीक्षा परिणाम गुरुवार को घोषित किया गया। जिसमें विप्र फाउंडेशन के शिक्षा प्रकोष्ठ रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षा प्रकोष्ठ, उदयपुर द्वारा निशुल्क इंटरव्यू की तैयारी के परिणाम स्वरूप तीन अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की। जिसमें 20 वीं रैंक पर अक्षय हिंडेरिया, 22वीं रैंक पर चेतन प्रकाश शर्मा (भटेवर में अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड में सेवारत) तथा 27 वीं रैंक पर अर्पिता दानी (नि. डूंगला जिला चित्तौड़गढ़) ने सफलता हासिल की।
उक्त विषय हेतु सर्व समाज के साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को विप्र फाउंडेशन के शिक्षा प्रकोष्ठ रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षा प्रकोष्ठ उदयपुर के तत्वाधान में निःशुल्क इंटरव्यू की तैयारी करवाई गई।
प्रदेश सचिव गणेश नागदा ने बताया कि निःशुल्क मॉक इंटरव्यू की तैयारी साक्षात्कार एवं प्रतियोगी परीक्षा के क्षेत्र में गत 35 वर्षां से तैयारी करवा रहे साक्षात्कार विशेषज्ञ डॉ. एच. आर. दवे एवं उनके साथ अनुभवी विषय विशेषज्ञ की टीम द्वारा गत तीन माह से करवाई जा रही थी। इन पदों के अनेक विषयों के अभ्यर्थियों को उनके व्यक्तित्व, कम्युनिकेशन स्किल्स, आत्मविश्वास, विषय परक सम्पूर्ण जानकारी, साक्षात्कार पैटर्न आदि बिंदुओं पर गहन विवेचना कर मॉक इंटरव्यू द्वारा उन्हें तराशा गया,जिसमें कई जाति वर्ग के अभ्यर्थी शामिल हुए।
डॉ. दवे ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि विप्र समाज के विश्व स्तरीय एवं सबसे बड़े संगठन विप्र फाउंडेशन के प्रकल्प शिक्षा, रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षा प्रकोष्ठ उदयपुर ने गत दिनों राजस्थान प्रशासनिक सेवा परीक्षा में 13, पुलिस सब इंस्पेक्टर में 5, कृषि अधिकारी में एक तथा सहायक आचार्य कॉलेज शिक्षा में 5 विद्यार्थियों को सफलता प्राप्त करवाने में सहयोग किया है। शिक्षा प्रकोष्ठ रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षा प्रकोष्ठ के मीडिया प्रभारी गोपाल मेहता मेनारिया ने बताया कि वर्तमान में भी असिस्टेंट प्रोफेसर के इतिहास, संस्कृत, अर्थशास्त्र, रसायन शास्त्र, शारीरिक शिक्षा एवं कॉलेज लाइब्रेरियन विषयों के पदों हेतु मॉक इंटरव्यू की निःशुल्क क्लासेज सभी जाति वर्ग हेतु आयोजित की जा रही है।
सर्व समाज की प्रगति में भी सहायक सिद्ध हो रहा -विप्र फाउंडेशन
