मायरा की गुफा पर सड़क निर्माण रोकने ग्रामीणों ने आयुक्त से की भेंट

कहा-शस्त्रागार के 1 किमी दायरे में कच्चा-पक्का निर्माण व खनन निषेध क्षेत्र घाषित करें
उदयपुर। जिले के गोगुंदा क्षेत्र में स्थित महाराणा प्रताप के शस्त्रागार मायरा की गुफा पर सड़क निर्माण कार्य रोकने के संबंध में दुलावतों का गुढ़ा गांव के ग्रामीणों ने बुधवार को संभागीय आयुक्त राजेंद्र भट्ट से भेंट की।
दुलावतों के गुढ़ा निवासी हिम्मतसिंह दुलावत, खेमाराम, चेलाराम, अम्बालाल, केशाराम, पुनिया, दोला आदि ग्रामीणों ने महाराणा प्रताप के शस्त्रागार मायरा की गुफा के विकास के लिए बजट आवंटित कर सड़क निर्माण करवाए जाने के लिए राज्य सरकार व प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए आयुक्त भट्ट को बताया कि मायरा की गुफा प्राकृतिक गुफा है और इसकी गहराई करीब 300 फीट से भी ज्यादा है। इसके अंदर बहुत बड़ी खोखली जगह है। ऐसे में गुफा के ऊपर से सड़क निर्माण करना उचित नहीं होगा। यह गुफा लाईम स्टोन से बनी है जो बहुत कमजोर पत्थर है। पहले भी गुफा का हिस्सा दो बार गिर चुका है। गुफा और गिरने से बचाने के लिए ग्रामवासियों द्वारा चंदा एकत्रित कर लटकती हुई गुफा के पत्थर को दीवार व पिल्लर बनाकर सहारा दिया गया है। गुफा जगह जगह से बैठ रही है जिसकी दरारें देखी जा सकती है। ग्रामीणों ने संभागीय आयुक्त भट्ट को बताया कि गुफा के ऊपर मार्ग वन विभाग क्षेत्राधीन आता है जो खनन करने वालों द्वारा अवैध तरीके से बनाया गया था। इसके ग्रामीणों ने विरोध कर बंद भी करवाया था। अभी सड़क निर्माण कार्य गुफा के ऊपर से किया जा रहा है जो गुफा के लिए बहुत नुकसानदायक है। ग्रामीणों ने आयुक्त से आग्रह किया कि गुफा क्षेत्र को छोड़ते हुए सड़क निर्माण कार्य कराया जाए क्योंकि अभी सड़क निर्माण के दौरान भराव व मलवा डालने के कारण प्राकृतिक झरना धीमा पड़ गया है। इसका उत्तर व दक्षिण क्षेत्र वन विभाग के पहाड़ है। ग्रामीणों ने कहा कि मायरा की गुफा के एक किमी परिधि क्षेत्र को निर्माण निषेध क्षेत्र घोषित किया जाए।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!