जयपुर। भारत के प्रतिष्ठित बिजनेस नेटवर्किंग ग्रुप बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल के जयपुर चैप्टर ‘बीसीआई जयपुर’ की आधिकारिक बैठक हिल्टन हवा सड़क, रामनगर एक्सटेंशन में आयोजित हुई। इस विशेष सत्र में बीसीआई मेम्बर्स, शहर के कोने-कोने से आए उद्यमियों, अनुभवी व्यवसायियों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रोफेशनल्स ने उत्साहपूर्वक शिरकत की। बैठक में बिजनेस नेटवर्किंग के साथ ही, आधुनिक जीवनशैली में बदलाव के जरिए व्यवसायिक दक्षता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बीसीआई जयपुर की अध्यक्ष एंकर प्रीति सक्सैना ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पंकज ओझा (आरएएस), निदेशक, निदेशालय गोपालन, राजस्थान उपस्थित रहे। उन्होंने बिजनेस एवं लाइफस्टाइल मॉडिफिकेशन विषय पर एक प्रभावशाली सत्र को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि व्यावसायिक सफलता का असली आनंद तभी है जब उद्यमी शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ हो। उन्होंने उपस्थित सदस्यों को समय प्रबंधन और तनाव को कम करने के व्यावहारिक टिप्स साझा किए, जिससे कार्यक्षमता में वृद्धि की जा सके।
बैठक के दौरान संगठन की मजबूती और सदस्यों की प्रगति पर चर्चा करते हुए बीसीआई जयपुर की अध्यक्ष प्रीति सक्सेना ने बताया कि संस्था का उद्देश्य एक ऐसा मंच प्रदान करना है जहाँ आपसी विश्वास और सहयोग से व्यापार को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जा सके। इसी क्रम में चीफ पेट्रोन हिम्मत सिंह नाथावत, संरक्षक अजय अग्रवाल, सुरेश सैनी और सुभाष गोयल ने भी रेफरल एक्सचेंज और आपसी सहयोग को व्यापारिक उन्नति का मुख्य आधार बताया। उन्होंने कहा कि बीसीआई जयपुर आने वाले समय में सामूहिक विकास के कई नए प्रोजेक्ट्स पर कार्य करेगा।
इस अवसर पर मदन मोहन पालीवाल, तरुण मालवीया, ममता पंचोली, वीरेंद्र सिंह, अंजली गहलाेत, साक्षी जैन, आर के व्यास, विनय पाराशर, लिंकन भट्ट, भूपेंद्र सिंह, भावना केड़िया, मनीषा सोयल, प्रदीप शर्मा, नितिन सैनी, मनन पारीक, महेश बब्बर, प्रतिज्ञा और भारती मोहता सहित कई गणमान्य सदस्य शामिल थे। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की और नए व्यावसायिक अवसरों के प्रति संकल्प व्यक्त किया।
