उदयपुर जिले की गौगुदा विधानसभा क्षेत्र के विसमां गांव में सभा को किया संबोधित, राज्य में गहलोत सरकार की फ्री योजनाओं पर तंज, कहा—फ्री में नहीं मिला रहा कुछ भी
उदयपुर, 17 नवम्बर. प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे शुक्रवार को उदयपुर दौरे पर रहीं। उन्होंने शुक्रवार को गोगुंदा विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी प्रतापलाल भील के समर्थन में विसमा गांव में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित किया।
राजे ने कहा कि कांग्रेस सरकार कह रही है कि 100 यूनिट बिजली फ्री देंगे। मैं यह पूछती हूं जब बिजली है ही नहीं, तो कहां से फ्री दोगे। गांव में बिजली आए तो फ्री हो। आप बिजली का बिल देखोगे तो उसमें ऊपर सरचार्ज लिखा है। कांग्रेस सरकार ने सरचार्ज के नाम से 58 करोड़ रुपए इकट्ठे किए। यानी एक जेब से पैसा निकाला और दूसरी जेब में डाल दिया फिर यह बिजली फ्री की कैसे हुई। जबकि इन्होंने बोला था कि 100 यूनिट बिजली फ्री में प्रदान करेंगे। इसी तरह जला हुआ या खराब ट्रांसफार्मर तीन दिन में यानी 72 घंटे में बदलने का वादा किया था लेकिन महीनों यानी 72 दिन निकल जाएंगे लेकिन ट्रांसफार्मर नहीं बदला जात।
युवाओं की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाला सबसे बड़ा पापी
वसुंधरा ने कहा कि रजस्थान सरकारी भर्ती का पेपर एक बार नहीं, दो बार नहीं बल्कि एक ही सरकार में 19 बार लीक हुआ है। सभी युवाओं का रो—रोकर बुरा हाल है। पढ़—पढ़कर थक गए लेकिन किसी को सरकारी नौकरी नहीं मिली।
उन्होंने कहा, प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी तो सबसे पहले ये पता करने की कोशिश की जाएगी कि पेपर लीक हुआ तो कैसे? फिर इसकी जांच कराई जाएगी और दोषियों को जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा, जो कोई युवाओं की जिंदगी से खिलवाड़ करेगा तो मैं समझती हूं कि उससे बड़ा कोई पापी नहीं।
वादे फैल तो अब दिया नया नाम गारंटी
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वादे की बजाय नया नाम गारंटी दिया है। उनके वादे फैल साबित हुए, जिनका पता जनता को है। ऐसे में जनता को झांसे में लेकर गारंटी नाम दिया है।
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने करीब 27 मिनट का भाषण दिया। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी प्रताप भील उनके पास ही खड़े रहे। उनके अलावा मंच पर जिले का कोई बड़ा नेता, सांसद, विधायक मौजूद नहीं था पूर्व सीएम ने अपनी सरकार के दौरान कराए कार्यों को गिनाया। उन्होंने किसान कर्ज माफी, बेरोजगारी भत्ता, किसान कर्ज माफी तथ आदिवासियों के लिए रोडवेज बसों में रियायतों की जानकारी दी।
वसुंधरा बोलीं, एक जेब से निकाला, दूसरी में डालकर कह रहे हैं फ्री में बिजली
