फतहनगर। अयोध्या में रामलला प्राण प्रतिष्ठा के अवसर को यादगार बनाते हुए धर्मनगरी फतहनगर में विभिन्न धार्मिक आयोजन परवान पर रहे। नगर का बाजार पूरी तरह से भगवा पताकाओं एवं स्वागत द्वार से सजाया गया। नगर के सभी मंदिरों पर आकर्षक विद्युत सज्जा की गयी। पूर्व संध्या पर रात्रि को नया बाजार में सुन्दरकाण्ड का पाठ किया गया। प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर द्वारिकाधीश मंदिर में सुबह 9 से 12बजे तक भजन कीर्तन का कार्यक्रम चला। अखाड़ा मंदिर पर भी महन्त शिवशंकरदास के सानिध्य में आयोजन किया गया। प्रभुश्री की महा आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया। तिरूपति नगर स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर व हाइवे सनवाड़ रोड़ स्थित मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर पर कालोनीवासियों एवं भक्त जनों द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंदिरों को भगवा झंडो,पताकाएं,गुब्बारे, लाईट डेकोरेशन,फूल मालाओं से सजाया गया। श्री राम के कट आउट लगाए गए। हवन,अभिषेक,भजन,सुंदरकांड आदि के साथ आरती कर प्रसाद वितरण किया गया। महिलाओं ने रामलला के विराजमान होने पर मंगल गीत गाए तथा मेहंदी लगाई। सांयकाल दीपोत्सव कर आतिशबाजी की गई। दोनों मंदिरों पर कार्यक्रम में नगर पालिका फतहनगर-सनवाड़ के उपाध्यक्ष नितिन सेठिया, समाजसेवी पुष्पेंद्र बड़ालमिया,भगवानलाल माली,दिनेश गर्ग, गोवर्धनसिंह चैहान,राजुदान चारण, अशोक गर्ग, प्रेमपाल सिंह, हेमेंद्रसिंह, शंकरलाल नाई एवं समस्त कॉलोनीवासीे उपस्थित हुए। गुलाब ग्लोरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल फतहनगर में राम लाल प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के उपलक्ष में भव्य आयोजन किया गया जिसमें नन्हे मुन्ने बालक बालिकाएं प्रभु श्री राम,लक्ष्मण, माता सीता, हनुमान आदि बनकर आए। संक्षिप्त रामायण का मंचन किया गया जिसमें राम जन्म से लेकर रावण वध तक का पार्ट चरितार्थ किया गया। संचालन राजेश गर्ग ने किया।
रामलला प्राण प्रतिष्ठा पर फतहनगर में हुए विभिन्न आयोजन,दुल्हन की भांति सजाया गया बाजार
