उदयपुर। जिले के वल्लभनगर क्षेत्र में मां बेटी का गला रेंतकर दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने मृतका को अपनी धर्म की मां बना रखा था। हत्या मृतका की संपत्ति हडपने के लालच में की गई। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि एक अगस्त को प्रार्थी नानालाल पुत्र चैखा गायरी, निवासी मुण्डोल ने दी रिपोर्ट में खुद को रूपा गाडरी का दत्तक पुत्र बताते हुए कहा कि उसकी माता लूंगा बाई व बहन अमरी बाई की बीती रात अज्ञात बदमाश ने हत्या कर दी। मामले की गम्भीरता एवं दोहरे हत्याकांड की विभीषिका को देखते हुए वल्लभनगर थानाधिकारी पुनाराम गर्जुर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। दोहरा हत्याकांड होने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस टीम द्वारा तकनीकी एवं मनोवैज्ञानिक विश्लेषण किया जाकर विभिन्न रूपों से आसूचना का संकलन किया गया। परम्परागत एवं नवीन अनुसंधान तकनीक का सहारा लेकर शातिर अभियुक्त जयमीन उर्फ बन्टी पुत्र भवानी शंकर दवे निवासी शिव मन्दिर के पीछे, डाँगियों का चौराहा वल्लभनगर हाल निवासी आर्ची गैलेक्सी अपार्टमेंट, सी-ब्लॉक, फ्लैट नं. 207, पृथ्वी सिंह जी का खाड़ा प्रतापनगर तक पहुँच बनाई गई। घटनास्थल पर मिले खून के धब्बों, वारदात की प्रकृति एवं मुखबिर तंत्र से अहम सुराग मिले। अभियुक्त शातिर प्रवृत्ति का होने के कारण वारदात के पश्चात मौके से गायब हो गया तथा लोगों से वारदात की पल-पल की अपडेट लेता रहा एवं लोगों के सामने मृतका लूंगा बाई व अमरी बाई के हत्याकांड को लेकर न्याय की गुहार कर रहा था। एसपी ने बताया कि अभियुक्त बहुत ही शातिर प्रवृत्ति का है। उसने मुण्डोल निवासी लूंगा बाई (उम्र 75 साल) को अपने विश्वास में लेकर धर्म की माँ बनाया था एवं लूंगा बाई की पुत्री अमरी के मानसिक विक्षिप्त होने से उसे लगा कि लूंगा बाई के पति रूपा जी गाडरी व पुत्र चतरा जी गाडरी की मृत्यु हो चुकी है और उक्त परिवार का कोई पुरुष वारिस नहीं है। जिस पर अभियुक्त ने उन्हें विश्वास में लेकर पिछले एक वर्ष से नजदीकियां बढ़ाईं ताकि भविष्य में वह उनकी सम्पत्ति का विधिक वारिस बन सके। परन्तु लूंगा बाई द्वारा इंकार करने से जयमीन दवे उर्फ बन्टी द्वारा सुनियोजित तरीके से योजना बनाकर रात के समय मृतका के मकान पर जाकर लूंगा बाई व उसकी मानसिक विक्षिप्त पुत्री अमरी बाई की हत्या कर दी गई तथा लूंगा बाई के पहने हुए जेवरात लूट कर वह फरार हो गया। अभियुक्त जयमीन दवे उर्फ बन्टी लोगों व बैंकों से पैसे उधार व लोन लेकर समय पर वापस नहीं चुका पा रहा था। लगातार बढ़ते कर्ज व आर्थिक तंगी के कारण वह कर्ज के जाल में फँस गया था। इसी आर्थिक दबाव और पैसों की व्यवस्था करने की मंशा से उसने लूट के उद्देश्य से माँ-बेटी की हत्या जैसी जघन्य वारदात को अंजाम दिया। पुलिस थाना वल्लभनगर सभी क्षेत्रवासियों से आग्रह करता है कि वृद्धजन व एकल महिलाओं से अत्यधिक मेल-जोल बढ़ाने वाले लोगों के प्रति हमेशा सतर्क रहें। किसी भी व्यक्ति पर बिना उचित जाँच-परख के अंधविश्वास न करें और अपनी सम्पत्ति व निजी जानकारी साझा करने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरन्त स्थानीय पुलिस को दें। आपकी सतर्कता ही आपकी सबसे बड़ी सुरक्षा है।
वल्लभनगर के दोहरे हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
