वल्लभनगर एवं गोगुंदा विधायक जयपुर में, भाजपा के बाकी 4 विधायक क्षेत्र में घूम रहे

पार्टी मुख्यालय से फोन आते ही रवाना होंगे
उदयपुर। दिल्ली में राजस्थान के मुख्यमंत्री को लेकर केन्द्रीय नेतृत्व चर्चा में जुटा है, वहीं उदयपुर जिले से भाजपा के निर्वाचित छह विधायकों में दो जयपुर में हैं, वहीं अन्य चार अभी भी क्षेत्र में बने हुए हैं। उन्हें इंतजार है कि मुख्यालय से फोन का। उनका कहना है फोन मिलते ही वह जयपुर के लिए रवाना हो जाएंगे। उनसे जब पसंदीदा मुख्यमंत्री को लेकर सवाल पूछा गया तो वह टाल गए और कहा कि वह पार्टी नेतृत्व के फैसले के साथ हैं।
भाजपा के नव निर्वाचित विधायकों में उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, झाड़ोल विधायक बाबूलाल खराड़ी, सलूम्बर विधायक अमृतलाल मीणा अभी भी अपने—अपने क्षेत्र में सक्रिय हैं। जबकि वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी और गोगुंदा विधायक प्रताप भील जयपुर में हैं। हालांकि वह पार्टी के नेताओं और अपने रिश्तेदारों से मिलने जयपुर गए हैं। इन सभी विधायकों ने कहा कि उन्हें पार्टी के फोन का इंतजार है। जैसे ही फोन आएगा, वह अपनी—अपनी कारों से पांच—छह घंटों में जयपुर पहुंच जाएंगे। फिलहाल उन्हें विधायक दल की बैठक की सूचना नहीं मिली है। जहां तक पसंदीदा सीएम का सवाल था तो सभी ने टाल दिया और कहा वह पार्टी तथा केन्द्रीय नेतृत्व के साथ हैं।
विधायक जैन बोले, आयड़ नदी को साबरमती की तरह करेंगे विकसित
उदयपुर शहर से विधायक ताराचंद जैन ने बताया कि उन्होंने गुरुवार को शहर से गुजरने वाली आयड़ नदी को लेकर नगर निगम के समिति अध्यक्षों तथा पार्षदों से बात की। वह आयड़ नदी का विकास गुजरात की साबरमती नदी के तरह करना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने ना केवल पार्टी नेताओं की राय ली, बल्कि उनको दिशा—निर्देश भी दिए।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!