एमडी एवं सीईओ श्री कल्याण कुमार करेंगे शुभारंभ
उदयपुर, 16 मार्च (ब्यूरो)। देश के अग्रणी राष्ट्रीयकृत बैंकों में से एक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के नवस्थापित उदयपुर क्षेत्रीय कार्यालय (Regional Office) का उद्घाटन आज 16 मार्च 2026 को बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री कल्याण कुमार के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा।
अब तक उदयपुर क्षेत्र की बैंक शाखाओं का प्रशासनिक संचालन जोधपुर क्षेत्रीय कार्यालय के माध्यम से किया जाता रहा है। उदयपुर में नए क्षेत्रीय कार्यालय के प्रारंभ होने से बैंकिंग सेवाओं के संचालन में अधिक सुविधा, गति एवं प्रभावशीलता आएगी तथा क्षेत्र की शाखाओं के प्रशासनिक कार्यों में भी तेजी आएगी।
राजस्थान में वर्तमान में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की लगभग 172 शाखाएँ कार्यरत हैं। जयपुर में नए अंचल कार्यालय तथा उदयपुर में नए क्षेत्रीय कार्यालय के प्रारंभ होने से राज्य में बैंक की गतिविधियों, शाखाओं के विस्तार और व्यावसायिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। उदयपुर में पहली बार क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना की जा रही है। इसके साथ ही उदयपुर क्षेत्र में बैंक की नई शाखाएँ खोलने का भी प्रस्ताव है।
इन जिलों की शाखाएँ होंगी उदयपुर क्षेत्रीय कार्यालय के अधीन : नवस्थापित उदयपुर क्षेत्रीय कार्यालय के क्षेत्रीय प्रमुख श्री नितिन शर्मा को नियुक्त किया गया है। इनके अधीन उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, पाली, सिरोही, आबूरोड, सलूम्बर, प्रतापगढ़ एवं छोटी सादड़ी सहित विभिन्न क्षेत्रों की बैंक शाखाएँ संचालित होंगी।
उद्घाटन समारोह में ये रहेंगे उपस्थित : उद्घाटन समारोह में दिल्ली अंचल के अंचल प्रमुख श्री शीशराम तुंदवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इसके अतिरिक्त श्री मेहेर कुमार पाणिग्रही (अंचल प्रमुख, जयपुर), श्री गजराज सिंह मीणा (उप अंचल प्रमुख, जयपुर) तथा श्री विभूति भूषण झा (क्षेत्रीय प्रमुख, जोधपुर) सहित बैंक के सेवानिवृत्त अधिकारी, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य अतिथि भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। यह जानकारी सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, उदयपुर के मुख्य प्रबंधक श्री मुकेश यादव द्वारा दी गई।
