उदयपुर। उदयपुर बार एसोसिएशन के चुनाव शुक्रवार को संपन्न हुए। जिसमें अध्यक्ष पद पर भरत कुमार जोशी, उपाध्यक्ष पद पर बंशीलाल गवारिया तथा महासचिव पद राजेश शर्मा विजयी रहे। इसके अलावा कार्यकारिणी पदों के परिणाम भी जारी कर दिए गए। दोपहर बजे से शुरू मतदान के परिणाम रात आठ बजे जारी किए गए। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, वित्त सचिव और पुस्तकालय सचिव पद के लिए मतदान हुआ, जबकि सचिव पर अक्षय शर्मा पहले से निर्विरोध विजयी रहे। उदयपुर बार एसोसिएशन से जुड़े 2804 मतदाताओं में से 2245ने ही मतदान में भाग लिया।


उदयपुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद के लिए भरत कुमार जोशी के अलावा पूर्व अध्यक्ष राकेश मोगरा, पूर्व उपाध्यक्ष विवेक व्यास तथा चंद्रभान सिंह शक्तावत भी उम्मीदवार थे। जिसमें कुल 2245 मतों में से अध्यक्ष पद पर सर्वाधिक 1085 मत पाकर भरत कुमार जोशी विजयी रहे। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी राकेश मोगरा को 219 मतों के अंतर से से हराया। मोगरा को 866, जबकि चंद्रभान सिंह शक्तावत को 198 और विवेक व्यास को महज 83 मत मिले। जबकि 13 मत निरस्त हुए।
उपाध्यक्ष पद के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में थे। जिनमें बंशीलाल गवारिया को सर्वाधिक 985 मत मिले। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी अतुल जैन को 740 मत, जबकि तीसरे उम्मीदवार नरेंद्र कुमार नागदा को 502 मत मिले। इसी तरह महासचिव पद पर 5 उम्मीदवारों में से राजेश शर्मा सर्वाधिक 977 मत प्राप्त कर विजयी रहे। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी लोकेश गुर्जर को 413 , नवीन कुमार वसीटा को 286, सुरेंद्र पालीवाल को 233 और सुश्री स्वाति रॉबर्ट को 320 मत मिले।
वित्त सचिव पद के लिए सीधी चुनौती में पंकज तंबोली ने चुन्नीलाल डांगी को हराया। पंकज तंबोली को 1373 मत मिले, जबकि चुन्नीलाल डांगी को 834 मत। पुस्तकालय सचिव पद पर भी सीधी चुनौती में गोपाल लाल जोशी ने मांगीलाल खटीक को हराया। गोपाल लाल जोशी को 1587 मत मिले, जिन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी मांगीलाल खटीक को बड़े अंतर से हराते हुए जीत दर्ज की। खटीक को 622 मत ही मिले।


