भरतपुर के दो युवक पीछोला झील में डूबे

उदयपुर। शहर की पीछोला झील के नाथीघाट पर नहाते समय दो युवक डूब गए। दोनों की मौत हो गई। कई घंटों के प्रयास के बाद गोताखोर छोटू हेला तथा उनकी टीम के सदस्यों ने शवों को बाहर निकाला तथा पोस्टमार्टम के लिए एमबी अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। दोनों युवक भरतपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं तथा यहां उदयपुर स्मार्ट सिटी के चल रहे कार्य में मजदूरी करते थे।
मिली जानकारी के अनुसार अंबामाता थाना क्षेत्र में पीछोला झील के नाथीघाट पर नहा रहे युवक गहरे पानी में चले गए। संभवत: दोनों तैरना नहीं जानते तथा डूब गए। इसकी जानकारी वहां मौजूद अन्य लोगों ने पुलिस को दी। जिस पर उदयपुर नगर निगम से गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोर छोटे हेला के नेतृत्व में पहुंची टीम ने लगभग ढाई घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शव बाहर निकाले। फिलहाल दोनों युवकों की पहचान नहीं हो पाई। केवल इतना पता चला है कि दोनों युवक भरतपुर जिले के हैं तथा यहां स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत चल रहे कार्य में मजदूरी करते थे। उनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। अंबामाता थाना पुलिस ने घटना को लेकर मर्ग दर्ज किया है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!