फुलवारी की नाल अभयारण्य में भालू का हमला, दो ग्रामीण गंभीर घायल

उदयपुर, 28 अगस्त। जिले के फुलवारी की नाल अभयारण्य क्षेत्र में बुधवार देर शाम भालू के हमले से दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना फलासिया पंचायत समिति के धरावण गांव के समीप वनखंड क्षेत्र में हुई।

जानकारी के अनुसार मोतीलाल (35) पुत्र भीमराज खराड़ी और मोहनलाल (40) पुत्र कालू खराड़ी बकरियां चराने जंगल की ओर गए थे। अचानक सामने आए भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले से घबराए दोनों किसी तरह जान बचाकर निकले, लेकिन गंभीर चोटें आने पर ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फलासिया पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को उदयपुर रेफर किया गया है।

घटना की सूचना पर वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई। पानरवा वन रेंजर राजेश ने बताया कि घटना स्थल के आसपास गश्त बढ़ा दी गई है और क्षेत्रवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। टीम लगातार एरिया की निगरानी कर रही है ताकि दोबारा किसी प्रकार की घटना न हो।

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में जंगली जानवर अक्सर बस्तियों के नजदीक आ जाते हैं। इस वजह से लोगों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने भी स्थानीय लोगों से समूह में जंगल जाने और अकेले चराई से बचने की अपील की है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!