दो छात्र गुट भिड़े, पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर खदेड़ा

सुखाड़िया विश्वविद्यालय का मामला : चुनावी माहौल बनाने की कोशिश में जुटे थे छात्र नेता
उदयपुर। यहां मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के संगठक आर्ट्स कॉलेज में बुधवार को एडमिशन को लेकर हो रही काउंसिलिंग के दौरान दो छात्र गुट आपस में भिड़ गए। माहौल बिगड़ते देख विश्वविद्यालय प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए आपस में भिड़ रहे छात्रों को खदेड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को आर्ट्स कॉलेज में काउंसिलिंग के लिए बड़ी संख्या में नए छात्र पहुंचे थे। जहां छात्रनेता कमलेश डांगी और समीर मेघवाल के समर्थकों के बीच कन्वेसिंग के दौरान झड़प हो गई। जिसके चलते काउंसिलिंग का काम प्रभावित होने लगा। जिस पर कॉलेज प्रबंधन ने पुलिस बुलाई। पुलिस के पहुंचने के बाद भी छात्रों के बीच झड़प जारी थी। समझाइश के बावजूद नहीं मानने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर छात्रों को कॉलेज से बाहर खदेड़ दिया।
पोस्टर—बैनर से अटा कॉलेज
बताया गया कि आपसी झड़प का कारण छात्र संगठन चुनाव की तैयारी से जुड़ा हुआ है। छात्रनेताओं ने कॉलेज परिसर पोस्टर और बैनर से अटा रखा था। वह खुद और उनके समर्थक नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को कन्वेंस करने के लिए जुटे हुए थे। उल्लेखनीय है अभी तक छात्रसंघ चुनाव की घोषणा नहीं की गई है, उससे पहले ही छात्र नेता चुनाव की तैयारियों में जुटे हुए हैं। हालांकि यह विश्वविद्यालय के नियम के विपरीत है लेकिन अभी तक विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस मामले में कार्रवाई नहीं की।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!