दो दिवसीय जिला स्तरीय शिक्षक  खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न 

विभिन्न खेलों की पुरुष व महिला वर्ग की जिला टीमों का गठन 
प्रशिक्षण  बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेगी
 फतहनगर। वल्लभनगर ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मेनार में चल रही दो दिवसीय जिला स्तरीय शिक्षक पुरुष और महिला खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता आज संपन्न हो गई । विभिन्न खेलों में श्रेष्ठ खेल के आधार पर खिलाड़ियों का चयन कर जिला टीमों का अस्थाई गठन कर दिया गया । आगामी दिनों में जिला कार्यालय द्वारा आयोजित होने वाले दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षण के बाद जिला टीमों का अंतिम रूप से गठन किया जाएगा तत्पश्चात राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए  सभी टीमें रवाना होगी। समापन समारोह के मुख्य अतिथि वल्लभनगर ब्लॉक के अतिरिक्त ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी गोपाल मेनारिया थे ।कार्यक्रम की अध्यक्षता मेजबान विद्यालय के प्रधानाचार्य जालमसिंह सारंगदेवोत ने की। विशिष्ट अतिथि व्याख्याता शारीरिक शिक्षक डाइट उदयपुर लक्ष्मणदास वैष्णव , वाइस प्रिंसिपल उमावि मेनार पुष्करराज मेनरिया ,वॉलीबॉल कोच रतन चास्टा, जिला शारीरिक शिक्षक वाक्पीठ के संरक्षक हर्षवर्धन सिंह सिसोदिया, महात्मा गांधी स्कूल वल्लभनगर की प्रधानाचार्य अशोक कुंवर,वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक लक्ष्मीनारायण मेघवाल , राजस्थान शारीरिक शिक्षक संघ के प्रदेश संरक्षक हीरालाल सुथार , प्रारंभिक शिक्षा शारीरिक शिक्षक वाकपीठ के  जिलाध्यक्ष विजय लाल मेनारिया ,  आदि थे । प्रतियोगिता के आयोजन सचिव एवं मेजबान विद्यालय के शारीरिक शिक्षक चंद्रशेखर मेनारिया ने बताया कि पुरुष वर्ग में फुटबॉल, कबड्डी ,वॉलीबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, शतरंज खेलों के अलावा एथलेटिक्स में लंबी कूद ,ऊंची कूद ,100 मीटर , 200 मीटर, 400 मी ,100 गुना 4 रिले दौड़, गोला फेक  आदि इवेंट में जिला टीमों का गठन किया गया है । वहीं पर महिला वर्ग  में वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, बैडमिंटन के अलावा एथलेटिक्स की 100 , 200 , 400 मीटर, 100 * 4 रिले दौड़ ,गोला फेंक इवेंट में जिला टीमों का गठन किया गया है। सांस्कृतिक प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न गतिविधियों का आयोजन हुआ जिसमें से सुगम संगीत, समूह गान ,विचित्र वेशभूषा और एकाभिनय में पुरुष वर्गों वर्ग की टीम का चयन किया गया तथा महिला वर्ग से सांस्कृतिक गतिविधियों में समूह नृत्य, एकल नृत्य , एकल गान और समूह गान में सर्वश्रेष्ठ  प्रदर्शन के आधार पर शिक्षिकाओं का चयन  किया। जिला मीडिया प्रभारी गोपाल मेहता मेनारिया ने बताया कि पुरुष एवं महिला वर्ग दोनों में जिला टीमों में चयनित होने वाले शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को चयन पत्र सोपे गए । निदेशालय बीकानेर के आदेश अनुसार पुरुष वर्ग की बास्केटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस ,शतरंज एवं एथलेटिक्स की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता राजकीय जवाहर उच्च माध्यमिक विद्यालय टोडरमल सिविल लाइंस अजमेर में एवं फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी और सांस्कृतिक गतिविधियों की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय लक्ष्मी नगर बाड़मेर में  30 से 31 दिसंबर तक होगी वही महिला वर्ग  की वॉलीबॉल ,बैडमिंटन ,टेबल टेनिस, एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय तोरना  ढूंढई, आबू पर्वत सिरोही में आगामी 30 से 31 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। विभिन्न खेलों की जिला टीमों में चयनित पुरुष व महिला वर्ग के सभी खिलाड़ियों को 26 व 27 दिसंबर को दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में भाग लेना होगा।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!