डूंगरपुर में ट्रक ने क्रूजर को पीछे से मारी टक्कर, सात की मौके पर मौत

उदयपुर। डूंगरपुर जिले में दिल्ली—मुम्बई हाईवे 48 पर ट्रक की टक्कर से क्रूजर में सवार 7 लोगों की मौत हो गई। हादसे में दस से अधिक लोग घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार हादसा रविवार दोपहर ढाई बजे डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा क्षेत्र में हुआ। जहां रतनपुर बॉर्डर के समीप ट्रक के ब्रेक फैल हो गए थे और वह आगे चल रही क्रूजर को टक्कर मारते हुए निकला। जिससे क्रूजर पलट गई और उसमें सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि शव छितराकर सड़क पर बिखर गए। सूचना पर रतनपुर चौकी पुलिस तथा बिछीवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को क्रूजर से बाहर निकाला तथा एम्बुलेंस के जरिए डूंगरपुर के जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों में से अधिकांश को जिला अस्पताल तथा कुछ घायलों को गुजरात के साबरकांठा जिले के शामलाजी स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। छह शवों को डूंगरपुर के जिला अस्पताल तथा एक शव शामलाजी अस्पताल भेजा गया।
क्रूजर में सवार यात्री राहुल ने बताया कि वह आगे की सीट पर सवार था। गाड़ी काफी तेज रफ्तार से चल रही थी। क्रूजर के उपर—नीचे सवारियां भरी थी। ट्रक की टक्कर से क्रूजर गाड़ी दो बार पलटी खाते हुए उलट गई थी। उसके बाद ट्रक गाड़ी सके उपर चलते हुए निकल गया। हादसे में वह बेहोश हो गया। जब उसे होश आया तो शवों को सड़क पर छितराए हुए स्थिति में देखकर घबड़ा गया। क्रूजर में फंसे घायल तथा मृतकों के शवों को निकालने में भारी मशक्कत का सामना करना पड़ा।
क्रूजर में सवार थे 21 लोग
बताया गया कि क्रूजर में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। जिसमें अंदर 14 तथा उसकी छत पर अन्य सात लोग सवार थे। इस तरह क्रूजर पर 21 लोग सवार थे।
दो शवों की पहचान नहीं हो पाई
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में मृत सात लोगों में से पांच की पहचान हो गई है। इनमें डूंगरपुर जिले के साजनपुरा निवासी 24 वर्षीय धनपाल पुत्र गटूलाल डोडियार,लांबा पारड़ा निवासी हेमंत पुत्र नाथू, महुडी निवासी मुकेश पुत्र मोहन रोत और हीराता निवासी राकेश पुत्र शंकरलाल रोत शामिल है। जबकि एक लडकी तथा एक अन्य पुरुष की पहचान नहीं हो पाई। उनके पहचान की कोशिश जारी हैं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!