उदयपुर ग्रामीण विधायकों ने दो सप्ताह में समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों को चेताया
उदयपुर । शहर के बलीचा स्थित डंपिंग यार्ड में कचरे का धुएं से परेशान समीपवर्ती कॉलोनी के बाशिंदों ने रविवार को डंपिंग यार्ड के दरवाजे को बंद कर दिया। उन्होंने नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कचरा लेकर पहुंची दर्जनों गाड़ियों को डंपिंग यार्ड में घुसने नहीं दिया।
पता चलते ही नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण जोशी, फायर ब्रिगेड सीआई मांगीलाल डांगी सहित निगम के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। लोगों के प्रदर्शन की सूचना पर गोवर्धनविलास थानाधिकारी अजय सिंह राव भी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। इसी दौरान उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा भी वहां पहुंच गए। उन्होंने जिला कलक्टर अरविंद पोसवाल को फोन कर लोगों की समस्या से अवगत कराया और दो सप्ताह में इस समस्या के समाधान के लिए कदम उठाने को कहा। साथ ही निगम अधिकारियों को समस्या के समाधान के लिए चेताया। विधायक ने कहा कि यदि दो सप्ताह में लोगों की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो 15वें दिन लोग डंपिंग यार्ड के गेट पर ताला लटका देंगे।
लोगों ने कहा, धुएं से हो रहे बीमार
इधर, लोगों का कहना है कि कचरे में आग जलाए जाने से उठ रहे धुएं से लोगों की तबियत बिगड़ रही है, विशेषकर बुजुर्ग और बच्चों की। पहले भी कई बार क्षेत्र के लोगों ने निगम के आयुक्त से मुलाकात कर इस समस्या के समाधान के लिए मुलाकात की लेकिन कोई प्रयास निगम प्रशासन ने नहीं उठाए।
कचरे के धुएं से परेशान लोगों ने डंपिंग यार्ड का दरवाजे किए बंद
