सोमवार से शुरू हुआ अवैध खनन पर संयुक्त जांच अभियान, 31 जनवरी तक चलेगा
– जिला कलक्टर खुद कर रहे हैं मॉनीटरिंग
डूंगरपुर, 15 जनवरी। जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए सोमवार से संयुक्त जांच अभियान शुरू हुआ। अभियान के तहत खनन, पुलिस, वन, परिवहन, राजस्व एवं आबकारी विभाग आपसी सामंजस्य बनाकर प्रभावी कार्रवाई को अंजाम देंगे। पहले दिन जिले में संयुक्त जांच दल की ओर से बजरी का अवैध परिवहन करते हुए तीन ट्रेक्टर ट्रॉली जब्त कर 1 लाख 26 हजार 800 रूपये की शास्ति आरोपित की गई। वहीं, एमवी एक्ट के 50 प्रकरण बनाकर डेढ़ लाख रूपये का जुर्माना वसूला गया।इसीप्रकारअवैध मदिरा के दो अभियोग दर्ज किए गए और 350 लीटर वाश नष्ट की गई।
अवैध बजरी परिवहन पर कसा शिकंजा-
सागवाड़ा और ओबरी थाना क्षेत्र में अवैध रूप से बजरी परिवहन करते हुए तीन ट्रेक्टर मय ट्रॉली जप्त कर प्रकरण बना संबंधित थानाधिकारी को सुपुर्द किए गए। खनि अभियंता नरेंद खटीक ने बताया कि प्रति ट्रेक्टर 1 लाख 26 हजार 800 रूपये की शास्ति आरोपित की गई। तीन दिन में आरोपित शास्ति राजकोष में जमा नहीं करवाने पर ट्रेक्टर मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। जिला परिवहन अधिकारी अनिल माथुर ने बताया कि संयुक्त जांच अभियान के पहले दिन जिले में विभिन्न मार्गों पर परिवहन विभाग के दस्तों की ओर से कार्रवाई की गई। इस दौरान एमवी एक्ट के उल्लंघन पर 50 प्रकरण बनाकर डेढ़ लाख रूपये का जुर्माना वसूला गया। इस दौरान खनि कार्यदेशक द्वितीय मीनाक्षी व्यास और संबंधित थानों का जाप्ता उपस्थित रहा।
350 लीटर वाश नष्ट की-
आबकारी विभाग की ओर से विशेष अभियान के तहत दो अभियोग दर्ज किए गए और रामपुर नदी क्षेत्र में लगभग 350 लीटर वाश नष्ट किया गया। जिला आबकारी अधिकारी देवेंद्र गिरि ने बताया कि राजेश बरण्डा निवासी सोनेला से 8 लीटर हथकढ़ मदिरा और नन्दलाल बारिया निवासी रामपुर से 7 लीटर हथकढ़ मदिरा बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान आबकारी निरीक्षक नरेश सुहेल, प्रहराधिकारी विजय धानक, जमादार कांतिलाल कटारा, कांतिलाल रोत और आबकारी निरोधक दल जाप्ता उपस्थित रहा।
अवैध खनन के विरुद्ध संख्यात्मक नहीं, गुणात्मक कार्रवाई हो- जिला कलक्टर
जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह ने कहा कि अभियान अवधि के दौरान सभी विभाग अपने-अपने नियमों के तहत संयुक्त रूप से कार्रवाई करेंगे। जिला कलक्टर सिंह ने अवैध खनन की ड्रोन वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस अधिकारियों को प्रत्येक वाहन के साथ टायर बस्टर रखने एवं आवश्यक के अनुसार क्यूआरटी टीम की तैनात करवाये जाने के निर्देश दिए हैं।
अवैध खनन में लिप्त वाहन चालकों का लाइसेंस व वाहनों का रजिस्ट्रेशन होगा निरस्त-
उन्होंने राजकीय भूमि में अवैध खनन पाया जाने पर अवैध खनन कर्ताओं के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कराने, अवैध खनन में लिप्त वाहनों के चालकों का लाइसेंस तथा वाहनों का रजिस्ट्रेशन भी निरस्त करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उपखण्ड स्तर पर कमेटियों का गठन करने और जहां कमेटियों का गठन हो चुका है वहां, नियमित मासिक बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।
कलक्टर ने खातेदारी भूमियों में अवैध खनन होने पर खातेदारी निरस्त करने, परिवहन एवं भण्डारण पर अंकुश लगाने के लिए प्रवर्तन दल द्वारा सतत निगरानी रखने एवं अवैध खनन पाए जाने पर मुकदमा दर्ज करने, वन क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन के उपयोग में आने वाले रास्तों पर विशेष निगरानी रखने और कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने इससे पहले रविवार को संयुक्त जांच दल की बैठक ली। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर गितेश श्री मालवीय, एडिशनल एसपी निरंजन चारण, डीएफओ रंगास्वामी, आबकारी अधिकारी देवेंद्र गिरि, खनि अभियंता नरेंद्र खटीक सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
डूंगरपुर : जिले में अवैध बजरी परिवहन करते तीन ट्रेक्टर-ट्रॉली जब्त, एमवी एक्ट के 50 प्रकरण, 350 लीटर वाश नष्ट
