तीन दिवसीय राजस्थान इंडस्ट्रियल ट्रेड एक्सपो राइटेक्स-2026 का शुभारंभ आज सेःमुकेश माधवानी

उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर के औद्योगिक विमर्श का केंद्र बनने जा रही है। प्रतिष्ठित औद्योगिक संगठन पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से तीन दिवसीय राजस्थान इंडस्ट्रियल ट्रेड एक्सपो-2026 राइटेक्स के द्वितीय संस्करण का 20 मार्च से 22 मार्च तक शहर के बी.एन. कॉलेज ग्राउंड में भव्य आयोजन होने जा रहा है। तीन दिवसीय यह एक्सपो राजस्थान के औद्योगिक परिदृश्य में निवेश और तकनीक के नए द्वार खोलने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
एमएसएमई इकाइयों को मिलेगा वैश्विक मंच- पीएचडी चैंबर, उदयपुर संभाग के संयोजक एवं बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) के फाउंडर एंड चैयरमेन अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने बताया कि राइटेक्स का मुख्य ध्येय राज्य की सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम इकाइयों को आधुनिक तकनीक, नवाचार और बड़े निवेश से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि यह एक्सपो केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि व्यापार सृजन का एक सशक्त माध्यम है, जिससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से राज्य के उद्यमियों को नई बिजनेस संभावनाओं का लाभ मिलेगा।
एक जिला-एक उत्पाद का होगा विशेष प्रदर्शन-पीएचडी चैंबर के क्षेत्रीय निदेशक आर.के. गुप्ता ने बताया कि इस बार एक्सपो में विभिन्न क्षेत्रों के उद्योगों का अनूठा समागम होगा। विशेष रूप से श्एक जिला-एक उत्पाद योजना के तहत राजस्थान के पारंपरिक और विशिष्ट उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रदर्शित किया जाएगा। इससे स्थानीय शिल्प और उद्योगों को राष्ट्रीय पहचान मिलेगी। उन्होंने बताया कि एक्सपो में बड़ी संख्या में विजिटर शामिल होंगे।
गुप्ता ने बताया कि एक्सपो में नेशनल स्मॉल इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लिमिटेड, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के क्षेत्रीय महाप्रबंधक (अहमदाबाद) विकास चंद्र नायक, जिला उद्योग केंद्र-उदयपुर, उद्योग, वाणिज्य एवं सीएसआर विभाग, राजस्थान सरकार के महाप्रबंधक शैलेन्द्र शर्मा और रीको, उदयपुर के अतिरिक्त महाप्रबंधक अजय पंड्या बतौर अतिथि भाग लेंगें।
उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में पारस सिंघवी (चैम्बर ऑफ कॉमर्स, उदयपुर के अध्यक्ष), मनीष गलुंडिया (यूसीसीआई के अध्यक्ष), गिरीश शर्मा (केसीसीआई के अध्यक्ष), यशवंत सिंघवी (एमएसएमई अध्यक्ष) एवं श्रद्धा गट्टानी (बीसीआई टूरिज्म अध्यक्ष) की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। प्रदर्शनी का समय प्रातः 11 बजे से शाम 8 बजे तक किया जाएगा एवं प्रवेश निशुल्क रहेगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!