उदयपुर को सातवीं बार मिलेगी साइकिल पर जंगल के रोमांच की सौगात
उदयपुर, 8 फरवरी। इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए वन विभाग, ग्रीन पीपल सोसायटी, विश्व प्रकृति निधि, पर्यटन विभाग तथा बेला बसेरा रिसोर्ट के संयुक्त तत्वावधान में साइकिल पर प्रकृति का त्रिदिवसीय रोमांच ‘पेडल टू जंगल‘ का आगाज 9 फरवरी से होगा। उदयपुर में यह सातवां मौका है जब साइकिल पर जंगल यात्रा का रोमांच का अहसास होगा।
इस आयोजन के प्रमुख सेवानिवृत्त मुख्य वन संरक्षक व ग्रीन पीपल सोसायटी के अध्यक्ष राहुल भटनागर ने बताया कि ं पैडल टू जंगल’ के तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ शुक्रवार प्रातः 7.30 बजे फतेहसागर झील के देवाली छोर से किया जाएगा। इस कार्यक्रम में उदयपुर साइकलिंग क्लब के प्रतिभागी तथा जयपुर एवं गांधीनगर से आए हुए प्रतिभागी भाग लेंगे। प्रतिभागियों को फ्लैग ऑफ उदयपुर पुलिस महानिरीक्षक अजयपाल लांबा द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर गीतांजली मेडिकल इंस्टीट्यूट द्वारा प्रतिभागियों को अंगदान हेतु प्रेरित करने के लिए आवश्यक जानकारियाँ एवं शपथ दिलाई जाएगी।
भटनागर ने बताया कि कार्यक्रम के तहत ‘रश आवर राइड’ का आयोजन उदयपुर वासियों को धन्यवाद ज्ञापित करने बाबत किया जाता है। ‘रश आवर राइड’ का समापन रॉक गार्डन, फतहसागर झील के किनारे प्रातः 8.30 बजे किया जाएगा जहाँ पर प्रतिभागियों को टी-शर्ट, कैप आदि सामग्री का वितरण आईएफएस अजय चित्तौड़ा व सुगनाराम जाट द्वारा किया जाएगा।
