पिछोला के तट पर भव्य आरती और कयाकिंग का अद्भुत शौर्य प्रदर्शन, हजारों दर्शक हुए अभिभूत

16 मार्च 2026, सोमवार को राष्ट्र वंदन भारत माता मूर्ति अनावरण, पूजन व आरती
सायं 5.15 बजे बैक तिराहा बापू बाजार
उदयपुर 15 मार्च। अखिल भारतीय नववर्ष समारोह समिति द्वारा आयोजित सात दिवसीय विक्रमोत्सव कार्यक्रमों की श्रृंखला में पिछोला झील के तट पर “शौर्य कार्यक्रम” के अंतर्गत कयाकिंग का भव्य और आकर्षक प्रदर्शन किया गया। इस अद्भुत आयोजन को देखने के लिए हजारों की संख्या में उदयपुरवासी तथा देश-विदेश से आए पर्यटक उपस्थित रहे और झील में सजी कयाकिंग नौकाओं का दृश्य देखकर सभी अभिभूत हो उठे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के राष्ट्रीय सचिव डॉ प्रदीप कुमावत ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत परशुराम घाट से हुई, जहाँ से अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने कयाकिंग नौकाओं के साथ पिछोला झील में शानदार प्रदर्शन करते हुए यात्रा प्रारंभ की। चांदपोल पुल और दाइजी की पुलिया पर खिलाड़ियों का पुष्पवर्षा, आतिशबाजी और उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। झील के चारों ओर उपस्थित लोगों ने इस दृश्य का उत्साहपूर्वक स्वागत करते हुए तालियों से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
कयाकिंग दल नवनिर्मित जानकी घाट पहुँचा, जहाँ सभी खिलाड़ियों का विधिवत अभिनंदन किया गया। इसके पश्चात झील के तट पर भव्य दीप-आरती और मशाल प्रज्वलन के साथ एक दिव्य वातावरण निर्मित हुआ। सैकड़ों दीपों की रोशनी और झील में झिलमिलाते प्रकाश के बीच श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ आरती में भाग लिया। यह दृश्य इतना अलौकिक था कि उपस्थित लोगों को ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो बनारस के घाटों पर एक साथ भव्य आरती का आयोजन हो रहा हो।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अखिल भारतीय नववर्ष समारोह समिति के राष्ट्रीय सचिव डॉ प्रदीप कुमावत ने कहा कि युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और उनमें साहस, अनुशासन तथा देशभक्ति की भावना जागृत करने के लिए कयाकिंग जैसा शौर्य प्रदर्शन अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि उदयपुरवासियों और पर्यटकों द्वारा इस कार्यक्रम को मिली सराहना इस बात का प्रमाण है कि ऐसे आयोजन समाज में ऊर्जा और उत्साह का संचार करते हैं।
कार्यक्रम के प्रारंभ में दीप प्रज्वलित कर आयोजन का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर चंद्रगुप्त सिंह चौहान, दिलीप सिंह चौहान सहित स्थानीय मातृशक्ति और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जयघोष और नारों के साथ वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा। झील में तिरंगा लहराता हुआ और दीपों की उजास से सजा यह दृश्य उपस्थित सभी लोगों के लिए अविस्मरणीय बन गया।
इस अवसर पर राजस्थान कायाकिंग एंड कैनोईंग संघ के संरक्षक चन्द्रगुप्त सिंह चौहान, अध्यक्ष भगवान स्वरूप वैष्णव, सचिव दिलीप सिंह चौहान, ड्रेगन बोट चेयरमेन अजय अग्रवाल, और संघ से रणवीर सिंह राणावत, महेश पिम्पलकर, दीपक गुप्ता, प्रमोद कुमावत, कोच तनिष्क पटवा, नववर्ष समारोह समिति के शशांक टांक, निश्चय कुमावत, प्रतीक कुमावत, ललित कुमावत, राजेश भारती, संजय कुमावत, नवीन चौबीसा, राजेश कुमावत,, पुष्कर शर्मा उपस्थित थे।
खिलाड़ियों मे कनिष्का कुमावत, शगुन कुमावत, अनंत सिंघवी, सोष्यंत पारीक, कनिष्का भावसार, निश्चय पटवा, चार्वी कुमावत, नायशा पानेरी, काव्या सैनी, कीर्ति टांक, प्रणवी कुमावत, पूर्व अंतर्राष्ट्रीय खिलाडी नेहा कुमावत ने प्रदर्शन किया।

आज सोमवार को होगा भारत माता की प्रतिमा का अनावरण एवं भारत माता आरती का लोकार्पण
अखिल भारतीय नववर्ष समारोह समिति द्वारा आयोजित सात दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत आज सोमवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर बैंक तिराहे पर भारत माता की आदमकद प्रतिमा का भव्य अनावरण तथा भारत माता आरती का लोकार्पण किया जाएगा।
कार्यक्रम की विशेषता यह रहेगी कि इस अनावरण के लिए किसी बड़े अतिथि को आमंत्रित करने के बजाय एक नवाचार के रूप में नौ कन्याओं द्वारा भारत माता की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। ये नौ कन्याएं नवदुर्गा के स्वरूप में इस अनुष्ठान को संपन्न करेंगी जो भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति के सम्मान और पूजन की परंपरा का प्रतीक है।
यह जानकारी देते हुए कार्यक्रम के राष्ट्रीय संयोजक निश्चय कुमावत ने बताया कि बजरंग सेना मेवाड़ के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक और व्यापारिक संगठनों की भी सक्रिय भागीदारी रहेगी। वृक्षम अमृतम संस्थान, बापू बाजार व्यापार मंडल सहित अनेक समाज संगठन इस आयोजन में सम्मिलित होकर इसे भव्य स्वरूप प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम सोमवार सायंकाल 5:30 बजे बैंक तिराहे पर आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में शहरवासी, समाजसेवी और युवा उपस्थित रहेंगे। आयोजन के अंत में भारत माता की आरती के साथ राष्ट्रभक्ति का वातावरण निर्मित होगा और उपस्थित जनसमूह भारत माता के जयघोष के साथ कार्यक्रम को सफल बनाएगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!