उदयपुर में 21 मार्च को सजेगा ‘राजस्थान टूरिज्म सम्मान-2026’ का मंच, पर्यटन जगत की दिग्गज हस्तियों का होगा जमावड़ा

उदयपुर। राजस्थान में पर्यटन क्षेत्र के सतत विकास, नवाचार और रेस्पोंसिबल टूरिज्म को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पीएचडी चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई) आगामी 21 मार्च 2026 को झीलों की नगरी उदयपुर में ‘राजस्थान टूरिज्म सम्मान-2026’ का भव्य आयोजन करने जा रहा है। इस गरिमामयी समारोह में पर्यटन उद्योग से जुड़ी देश-प्रदेश की प्रमुख हस्तियां, होटल व्यवसायी, ट्रैवल प्रोफेशनल्स, टूर ऑपरेटर्स, रेस्टोरेंट संचालक, हॉस्पिटैलिटी एक्सपर्ट्स और पर्यटन उद्यमी एक मंच पर एकत्रित होंगे।
यह आयोजन न केवल पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करेगा, बल्कि पर्यटन उद्योग से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के लिए आपसी संवाद, अनुभव साझा करने और नेटवर्किंग का भी एक महत्वपूर्ण अवसर बनेगा। आयोजन के माध्यम से पर्यटन उद्योग में नए विचारों, नवाचार और बेहतर सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में सकारात्मक पहल की जाएगी।
35 से अधिक श्रेणियों में मिलेगा सम्मान-पीएचडीसीसीआई राजस्थान के उदयपुर संभाग संयोजक मुकेश माधवानी ने बताया कि इस वर्ष सम्मान समारोह का दायरा पहले से अधिक व्यापक किया गया है। इस बार 35 से अधिक विभिन्न श्रेणियों में पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस बार विशेष रूप से कलनरी आर्ट्स, फूड एंड रेस्टोरेंट इंडस्ट्री से जुड़े पेशेवरों को भी सम्मान प्रक्रिया में शामिल किया गया है, ताकि पर्यटन उद्योग के इस महत्वपूर्ण हिस्से को भी उचित पहचान और प्रोत्साहन मिल सके। उन्होंने पर्यटन क्षेत्र से जुड़े सभी उद्यमियों, संस्थाओं और प्रोफेशनल्स से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपनी प्रविष्टियां भेजकर इस प्रतिष्ठित सम्मान का हिस्सा बनें।
पर्यटन क्षेत्र में नवाचार को मिलेगा प्रोत्साहन-आयोजन का मुख्य उद्देश्य उन व्यक्तियों और संस्थानों को पहचान देना है, जिन्होंने पर्यटन क्षेत्र में नवाचार, गुणवत्ता, उत्कृष्ट सेवा और जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। इस मंच के माध्यम से ऐसे प्रयासों को सामने लाकर अन्य उद्यमियों और संगठनों को भी प्रेरित किया जाएगा, ताकि राजस्थान का पर्यटन उद्योग और अधिक मजबूत और प्रतिस्पर्धी बन सके।
बीसीआई की रहेगी सक्रिय भागीदारी -समारोह के आयोजन में बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। बीसीआई टूरिज्म अध्यक्ष डॉ. श्रद्धा गट्टानी ने बताया कि 21 मार्च को होने वाले इस भव्य समारोह में इंटरनेशनल बिजनेस सर्किल हॉस्पिटैलिटी पार्टनर के रूप में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएगा और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन पर्यटन क्षेत्र के विभिन्न हितधारकों को एक मंच पर लाने का काम करते हैं, जिससे उद्योग के विकास के लिए नई संभावनाएं और सहयोग के अवसर पैदा होते हैं।
विजेताओं का चयन करेगी उच्च स्तरीय जूरी-पीएचडीसीसीआई राजस्थान के रेजिडेंट डायरेक्टर आर. के. गुप्ता ने बताया कि पुरस्कारों के चयन के लिए एक उच्च स्तरीय जूरी का गठन किया गया है। इस जूरी की अध्यक्षता भारत सरकार के पूर्व पर्यटन सचिव और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. ललित के. पंवार करेंगे। उन्होंने कहा कि जूरी द्वारा प्राप्त प्रविष्टियों का मूल्यांकन गुणवत्ता, नवाचार, सेवा स्तर और पर्यटन क्षेत्र में योगदान जैसे विभिन्न मानकों के आधार पर किया जाएगा, ताकि वास्तव में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जा सके।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!